चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार
बुलंदशहर जिले की 5 मुख्य खबरें

1.📰✍️ दुखद: नहीं रहे आईएमए के प्रमुख स्तंभ और अपने मधुर व्यवहार के लिए प्रसिद्ध बुलंदशहर के वरिष्ठ ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. वीरेंद्र कुमार; गुरुवार को अचानक हार्ट अटैक पड़ने पर फॉर्टिस हॉस्पिटल में कराया गया था भर्ती, इलाज के दौरान आज दोपहर हो गया निधन, वर्तमान में आईएमए की राष्ट्र कार्यकारिणी के थे सदस्य, पूर्व में अध्यक्ष व सचिव पद की भी निभाई थी जिम्मेदारी, उनके अचानक निधन से चिकित्सा जगत और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर।


2.📰✍️भीषण गर्मी को देखते हुए बुलंदशहर में इंटर तक सभी स्कूलों में 23 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित; जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर डीआईओएस विनय कुमार ने जारी किए हैं आदेश, बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की दी है चेतावनी। गौरतलब है कि बच्चों को गर्मी से हो रही परेशानी को लेकर ‘पीड़ित मानव’ समाचार पत्र ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी खबर।

3.📰✍️खुर्जा में 67 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर, बीडीए ने एनएच-91 और एनएच-235 किनारे बस रहीं पांच अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई कर सड़क, नाली और चारदीवारी की ध्वस्त; दीपक चौधरी की 15 बीघा, भीमसैन शर्मा की 10 बीघा, बबला की 19 बीघा, राहुल चौधरी की 23 बीघा तथा सिद्धार्थ गौड़ की 2000 वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को किया गया ध्वस्त।

4.📰✍️ईद-उल-जुहा से पहले बुलंदशहर में पुलिस और प्रशासन का फ्लैग मार्च, परखी सुरक्षा व्यवस्था; एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, एसडीएम सदर अंगद यादव, सीओ सिटी प्रखर पाण्डेय व नगर पालिका ईओ डॉ. अश्विनी कुमार ने पुलिस बल के साथ नगर में पैदल मार्च कर बड़ी ईदगाह सहित संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण, इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था का लिया जायजा, लोगों से की आपसी सौहार्द बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील।


5.📰✍️ शिकारपुर सीओ के व्यवहार पर भड़की भाकियू, कहा किसानों के प्रति ठीक नहीं है शिकारपुर पुलिस का व्यवहार, झूठे मुकदमों में फंसाने की मिलती है धमकी; विरोध में आज भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अरव सिंह के नेतृत्व में किसानों ने एसएसपी व डीएम से की शिकायत, कहा किसानों को झूठे मुकदमों में फंसाने की दी जाती है धमकी, निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में जबरन बनाया जाता है गवाह, मांगों पर कार्रवाई न होने पर 26 मई को सीओ ऑफिस घेरने की दी चेतावनी।
बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️बुलंदशहर में 26 मई से लगेगा सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर: अंताक्षरी, बॉक्सिंग, पूल पार्टी से खेलकूद तक होंगी गतिविधियां; भारत विकास परिषद बुलंदशहर सेवार्थ द्वारा भूतेश्वर साठा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में होगा आयोजन, चन्द्र भूषण मित्तल को बनाया है शिविर संयोजक। अध्यक्ष नमन गर्ग, सचिव नितिन सचदेवा, कोषाध्यक्ष ऋषि अग्रवाल व उपाध्यक्ष सोनी वाधवा ने दी जानकारी।

📰✍️शहर के साठा राधानगर रोड पर 8 माह से अधूरी पड़ी सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा, लोगों ने ठेकेदार की जेसीबी और ट्रैक्टर रोककर किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन; वार्ड 22 साठा राधानगर रोड पर दो बड़ी पाइपलाइन डालने के लिए आठ माह पहले की गई थी खुदाई, जिससे सड़क, पेयजल व सीवर लाइनें हो गई थी क्षतिग्रस्त। धूल, गड्ढों और लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्रवासी परेशान, डीएम ने संबंधित विभाग को शीघ्र कार्य पूरा कराने के दिए निर्देश, वहीं लोगों ने 5 जून तक काम पूरा न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी।

📰✍️बुलंदशहर में गहराया बिजली संकट, शहर को 14-16 घंटे ही मिल रही सप्लाई, ट्रिपिंग व लो वोल्टेज से जनता परेशान, कर्मचारियों की छुट्टी पर लगी रोक; लगातार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाओं से चरमरा गई है बिजली व्यवस्था। मुख्यालय क्षेत्र में 14 से 16 घंटे तथा ग्रामीण इलाकों में इससे भी कम मिल रही है बिजली आपूर्ति, हालात देखते हुए विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाकर खराबियों के त्वरित निस्तारण के दिए हैं निर्देश।

📰✍️स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में डीएम कुमार हर्ष ने काम प्रगति वाले स्वास्थ्य केंद्रों को एक सप्ताह में सुधार योजना बनाने के दिए निर्देश; साथ ही गर्भवती महिलाओं व बच्चों के समयबद्ध टीकाकरण, आशा भुगतान, गर्मी से बचाव के प्रति जागरूकता तथा पात्र लाभार्थियों के शीघ्र आयुष्मान कार्ड बनाने पर दिया जोर, बैठक में सीडीओ निशा ग्रेवाल व सीएमओ डॉ. सुनील दोहरे मौजूद रहे।

📰✍️मुख्यमंत्री डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम की खराब रैंकिंग वाले विभागों को चेतावनी, पीएम आवास लाभार्थियों पर भी होगी कार्रवाई; समीक्षा में सभी विभागों की रैंकिंग ए श्रेणी में लाने के दिए निर्देश, खराब श्रेणी वाले विभागों से मांगी कार्ययोजना, किश्त लेने के बाद भी मकान निर्माण न कराने वाले पीएम आवास लाभार्थियों पर कार्रवाई के भी दिए निर्देश।

📰✍️प्रधानमंत्री मोदी को FAO का एग्रीकोला मेडल मिलने पर पद्मश्री भारत भूषण त्यागी ने जताया गर्व; कहा- देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि, विश्व में बढ़ा भारत का सम्मान। मोटे अनाज को वैश्विक पहचान दिलाने, किसानों की आय व गुणवत्तापूर्ण उत्पादन बढ़ाने तथा विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ाने में मोदी सरकार की रही है महत्वपूर्ण भूमिका।

📰✍️सिकंदराबाद में पीएनबी बैंक के सामने अचेत मिले युवक की मौत, दादरी निवासी राहुल के रूप में हुई पहचान; युवक को स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत कर दिया घोषित, पिछले चार वर्षों से घर से दूर रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रहा था मृतक।

📰✍️चंदेरू फीडर व बिलसुरी बिजलीघर क्षेत्र के गांव गेंदपुर शेखपुर में गहराया बिजली संकट, ओवरलोड ट्रांसफार्मर से सप्लाई ठप; गांव में 25 केवी ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से पिछले एक महीने से बाधित है बिजली आपूर्ति। भीषण गर्मी में ग्रामीणों व बच्चों का हाल बेहाल, शिकायतों के बावजूद सुनवाई न होने का आरोप, ग्रामीण कर रहे 100 केवी ट्रांसफार्मर लगाने की मांग।

📰✍️जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव भईपुर में दबंगों पर किसान की मक्का की खड़ी फसल काटने का आरोप, खेत में डाली मिट्टी; क्षेत्र निवासी पीड़ित विकास शर्मा का कहना है कि 19 मई को फसल देखने के बाद अगले दिन खेत पहुंचने पर कटी मिली मक्का। 112 नंबर व एसडीएम अनूपशहर से शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उसने जिलाधिकारी से की है शिकायत, डीएम ने जांच कर कार्रवाई के दिए हैं निर्देश।
News Editor: Dharmendra Mittal


