3000 कुंटल राशन की कालाबाजारी  में आरोपी ठेकेदार के वाहनों का नहीं किया जाएगा इस्तेमाल

बुलंदशहर: जनपद में करीब तीन हजार कुंटल राशन के गबन मामले में आरोपी ठेकेदार की गाड़ियों में अब राशन वितरण के लिए लोड नहीं किया जाएगा। इसके लिए अलग से वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। जबकि आरोपी विपणन निरीक्षक एवं पूर्ति निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा है। साथ ही पूर्ति निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव को कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जनपद में तीन हजार क्विंटल राशन को आरोपियों ने डीलरों के फर्जी हस्ताक्षर से बाजार में बेच दिया था।

मामला उजागर होने पर डीएम ने एडीएम प्रशासन प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय अधिकारियों की टीम का गठन किया। टीम की जांच रिपोर्ट में भाजयुमो जिलाध्यक्ष के पिता परिवहन ठेकेदार रविंद्र सिंह, विपणन निरीक्षक सुधीर कुमार, प्राइवेट कर्मचारी अंकुर ने राशन
माफिया वकील के साथ मिलकर बुलंदशहर क्षेत्र का सामान राशन डीलरों को सप्लाई करने की जगह बाजार में माल बेच दिया।

Ad

जांच रिपोर्ट के बाद खाद्य विपणन अधिकारी जेड अहमद करीम की शिकायत पर देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अधिकारियों ने परिवहन ठेकेदार रविंद्र सिंह की गाड़ियों से होने वाले राशन के लदान पर रोक लगा दी है।

डीएम सी पी सिंह ने मामले में विपणन निरीक्षक सुधीर कुमार को निलंबित करने और पूर्ति निरीक्षक विवेक कुमार को पद से हटाते हुए कार्रवाई के लिए खाद्य आयुक्त को पत्र लिखा है। जल्द ही दोनों पर खाद्य आयुक्त की तरफ से कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल यह मामला चर्चा में है। वहीं आम जनता परिवहन ठेकेदार के सभी ठेकों को जनपद ही नहीं अन्य जनपदों में भी निरस्त करने की मांग कर रही है।

जिला बुलंदशहर और आसपास की हर खबर अपने व्हाट्सएप पर पाए, नीचे इमेज पर क्लिक करके  व्हाट्सएप ग्रुप जॉइन करें।

शेयर करें: