चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार
बुलंदशहर जिले की मुख्य खबरें

📰✍️गुलावठी में आज सुबह गोयल डेयरी में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक।

➡️ आग लगने से दुकान में रखा लगभग पांच लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत डेयरी मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर पास के सबमर्सिबल पंप से धुएं को कम करने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। दुकान में रखे 5 डी फ्रिजर जल गए। फ्रिजों में रखा दूध, दही, क्रीम और मक्खन नष्ट हो गए। बताते हैं कि काउंटर में रखी नकदी भी जल गई। मालिक गोविंद कुमार गोयल आनंदा, मधुसूदन और नोवा कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

📰✍️विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जनता को होने वाली परेशानी को लेकर डीएम ने विद्युत अफसरों के साथ की बैठक।

➡️ जनपद में गर्मी में विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर आम जनता को होने वाली समस्या के निराकरण हेतु डीएम की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें जिलाधिकारी ने जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो इसके लिए विद्युत विभाग द्वारा कराई व्यवस्था की जानकारी ली और निर्देश दिए कि जनपद में सभी जगह की विद्युत आपूर्ति को सुनिश्चित कराया जाए। गर्मी के मौसम में बिजली की अत्यधिक आपूर्ति बढ़ जाती है इसलिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा शासन से निर्धारित समय के अनुसार मुख्यालय, तहसील स्तर पर रोस्टर के अनुसार आपूर्ति कराए। ट्रांसफार्मर के खराब होने पर उसे शीघ्र बदलवाया जाए। सब स्टेशन पर कर्मचारियों की रोस्टर से ड्यूटी लगाकर सुनिश्चित कराया जाए बिजली के खराब होने की स्थिति में उसे शीघ्र सही कराया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त अभिषेक कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय, एसपी सिटी, मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।

📰✍️यूपी: 27 PPS अफसरों के तबादले।




📰✍️चलती लाइन से ट्रांसफॉर्मर पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को औरंगाबाद पुलिस ने किया गिरफ्तार।

➡️गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर का सामान, अवैध तमंचा कारतूस और कार बरामद। गिरफ़्तार पांच आरोपियों में से भूरा और सबुद्दीन का बताया जा रहा है आपराधिक रिकार्ड। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांसफार्मर चोरी की कई वारदातों का किया खुलासा

📰✍️छतारी में तेज रफ्तार बाइक ने ट्रेक्टर ट्राली में मारी टक्कर, दो युवकों की मौत।
➡️ अनूपशहर तहसील क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में ट्रेक्टर और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। बताते हैं कि देर शाम डिबाई की तरफ से आ रही बाइक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवकों को तुरंत अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। मृतक जहांगीराबाद में गांव अंधियार निवासी योगेश उर्फ नीटू और बदायूं निवासी अर्जुन है छतारी की पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

📰✍️ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में लाल तालाब स्थित गुरुद्वारे से ‘शौर्य तिरंगा यात्रा’ निकाली गई।

➡️तिरंगा यात्रा के संयोजक लोकेश लोधी ने बताया कि यात्रा लाल तालाब गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर कृष्णा नगर होते हुए सूर्य गन हाउस पर संपन्न हुई। यात्रा में अजय त्यागी, संतोष वाल्मीकि, कमल मकवाना, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशि शर्मा, संयोजक कुलदीप चौधरी, संयोजक धर्मेंद्र काली अभिनव वर्मा, कल्पना वर्मा, नीरज बंसल, विशाल बंसल, सोमकेश गुप्ता, सभासद रिशल गुप्ता, बबिता सिंह, शरद साई, सुखदेव शर्मा आदि उपस्थित रहे।



📰✍️कप्तान ने पुलिस लाइन में किया निरीक्षण, दिए साफ सफाई के निर्देश।

➡️एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में पुलिस परेड का निरीक्षण किया और कर्मचारियों का टर्न आउट चेक किया। एसएसपी ने थाना पुलिस का दंगा नियंत्रण यंत्रों के साथ रेस्पांस टाइम की जांच की। पुलिसकर्मियों को शस्त्र संचालन, अग्निशामक यंत्र प्रयोग और घटनास्थल को येलो टेप से सुरक्षित करने की कवायद कराई। इस दौरान उन्होंने थानों की गाड़ियों और पीआरवी डायल-112 वाहनों का निरीक्षण किया और नाइट चेकिंग रजिस्टर की जांच की।पीआरवी वाहनों पर मेडिकल किट और येलो टेप की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कप्तान ने प्रतिसार निरीक्षक को लाइन परिसर में स्वच्छता, सरकारी संपत्ति की देखभाल और अभिलेखों के रखरखाव के निर्देश दिए। सरकारी वाहनों की नियमित मेंटेनेंस पर जोर दिया। सहायक पुलिस अधीक्षक ऋजुल भी मौजूद रहे।

📰✍️डीएम ने सुनी पूर्व सैनिकों की समस्या।
➡️जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं को सुना गया। जिलाधिकारी ने पूर्व में आई शिकायतों/समस्याओं के निस्तारण की समीक्षा की। जिला सैनिक अधिकारी ने बताया कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का निराकरण तत्परता से किया जा रहा है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त अभिषेक सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रमोद कुमार पांडे भी उपस्थित रहे।

📰✍️बुगरासी में इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाते ही कुछ देर में मासूम की मौत।
➡️ स्याना तहसील क्षेत्र में बुगरासी स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान 5 महीने के बच्चे की मौत हो गई। मंदिर वाला मोहल्ला निवासी शादाब के पुत्र को उनकी बहन इलाज के लिए क्लिनिक लेकर गई थी। डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप हैं चिकित्सक की लापरवाही से बच्चे की मौत हुई है। उन्होंने डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

📰✍️शिवा कालोनी में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन।

➡️ शिवा कॉलोनी स्थित मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन भक्ति, ज्ञान और अध्यात्म का संगम देखने को मिला कथा प्रवचन में कथा व्यास श्री श्याम सुंदर शिवराम महाराज ने वेद-पुराणों में वर्णित रहस्यों को भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत करते हुए उन्होंने विदुर जी द्वारा केले की कथा, ब्रह्मा जी द्वारा चारों युगों, ऋतुओं, समय और उनके चार पुत्रों की उत्पत्ति जैसे दिव्य प्रसंगों को विस्तार से समझाया। आयोजन समिति के सदस्यों छत्र पाल शर्मा, राम कुमार यादव, अरविंद शर्मा, रामबीर यादव, जगमोहन, मास्टर मुकेश यादव, हितेश शर्मा ने व्यवस्था बनाए रखने में भूमिका निभाई। आयोजन में मुख्य यजमान मुकुल चौधरी एवं धर्मपत्नी राधा देवी रहे।

📰✍️नगर जहांगीराबाद में व्यापारी सुरक्षा फॉर्म ने तिरंगा शौर्य यात्रा का किया भव्य स्वागत।

➡️ लोगों ने सब्जी मंडी चौराहे पर तिरंगा यात्रा पर पुष्प वर्षा की। शोभायात्रा में विधायक संजय शर्मा और सभी गणमान्य व्यक्ति तिरंगा लेकर चल रहे थे, शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन का रहा पूरा सहयोग।

उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें

📰✍️राज्य सूचना आयुक्त गिरिजेश चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन।

➡️राज्य सूचना आयुक्त गिरिजेश चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 62 साल के चौधरी ने कल अपने कार्यालय में अपीलों की सुनवाई की। इसके बाद साथियों के साथ चाय-नाश्ता किया। फिर पारिवारिक समारोह में शामिल होने बस्ती चले गए। वहीं उन्हें हार्ट अटैक आया। उन्हें बस्ती जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीसीएस सेवा से रिटायर होने के बाद सरकार ने गिरजेश चौधरी को सूचना आयुक्त बनाया था। चौधरी गोरखपुर और लखनऊ में लंबे समय तक विभिन्न पदों पर रहे।

📰✍️कानपुर में डीएम पहुंचे अस्पताल, 64 कर्मी और डाक्टर नदारद, सभी का कटेगा एक दिन का वेतन।
➡️ जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह कांशीराम हॉस्पिटल का निरीक्षण करने पहुंचे तो हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान 64 कर्मचारी और डॉक्टर अनुपस्थित मिले अनुपस्थित कर्मचारियों और डाक्टरों का उन्होंने एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने कहा कि सभी डॉक्टर शासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें और नियमित ओपीडी में उपस्थित रहकर नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णा नगर का निरीक्षण किया । निरीक्षण के समय केंद्र पर केवल स्टाफ नर्स उपस्थित मिली जबकि केंद्र प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा गांधी अनुपस्थित थीं। जबकि ओपीडी रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर के बिना ही रोगियों के नाम दर्ज थे जो कि एक गंभीर अनियमितता है। जिलाधिकारी ने डॉ. निशा गांधी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।

📰✍️कौशांबी में तीन फुट के दूल्हे और ढाई फुट की दुल्हन ने लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरे।

➡️ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक अनोखी शादी देखने को मिली। भवंस मेहता महाविद्यालय में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में तीन फीट के दूल्हे और ढाई फीट की दुल्हन ने सात फेरे लिए। दूल्हा जितेन्द्र कुमार पटेल मुंबई में फल का काम करता है। वह प्रतापगढ़ में कुंडा क्षेत्र के गोपाल सिंह का पुरवा माझिल गांव का रहने वाला है। दुल्हन हीरामणि पटेल कौशाम्बी के बहरिया भरवारी की निवासी हैं। जितेन्द्र अपनी शादी के लिए मुंबई से फ्लाइट से पहुंचा। इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 321 जोड़ों का विवाह के लिए पंजीकरण हुआ। दूल्हे के भाई राजेन्द्र कुमार ने बताया कि उनका भाई विवाह के लिए फ्लाइट से आया है।
देश विदेश की बड़ी खबरें

📰✍️दिल्ली सरकार की कोरोना को लेकर अस्पतालों को एडवाइजरी जारी, बिस्तर, ऑक्सीजन, दवाएं तैयार रखो।

➡️ देशभर में कोरोना फिर पैर पसारता नजर आ रहा है। कई लोगो में कोरोना की पुष्टि हुई है। एनसीआर में कोरोना के मामले सामने आए हैं। ऐसे में अब दिल्ली सरकार भी सर्तक हो गई है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने एडवाइजरी जारी की है जिसमें अस्पतालों से बेड, ऑक्सीजन, दवाओं और वैक्सीन की उपलब्धता के लिए तैयार रहने को कहा गया है। इसी के साथ सभी स्वास्थ्य संस्थानों को जीनोम सिक्वेसिंग के लिए सभी पॉजिटिव कोविड-19 सैंपल लोक नायक अस्पताल भेजने के लिए कहा गया है। एडवाइजरी में कहा है कि अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक्स अन्य दवाओं और वैक्सीन की उपलब्धता के मामले में तैयारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वेंटिलेटर, बाई-पीएपी, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और पीएसए जैसे सभी उपकरण चालू हालत में होने चाहिए।
स्पेशल न्यूज अपडेट वीडियो
📰✍️100 सेकेंड की वीडियो में देखें देश और दुनिया की सभी मुख्य खबरें👇