13 अक्टूबर 2026: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

1.📰✍️ दिवाली तक टला ₹2,000 से अधिक के मर्चेंट UPI पेमेंट पर 0.4% चार्ज का फैसला, 15 अक्टूबर से लागू होना था नया नियम; इस प्रस्ताव के अनुसार, महीने में ₹1 लाख से अधिक कलेक्शन वाले व्यापारियों को ₹2,000 से बड़े प्रत्येक भुगतान पर देना होगा 0.4% MDR और 18% GST शुल्क। कारोबारी संगठनों और विपक्ष ने इस प्रस्ताव का किया था विरोध, NPCI ने इसे दिवाली के तुरंत बाद लागू करने की कही है बात, लेकिन नई तारीख नहीं की है घोषित।

2.📰✍️ नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की हुई पूजा, मंदिरों में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, मां के गूंजे जयकारे; आज शाम शहर में निकली राम बारात, जगह-जगह हुआ स्वागत। बीती रात शहर के कृष्णा नगर से निकाली गई दूज भवानी की शोभायात्रा, हेडपंप अध्यक्ष राजीव सिंघल और प्रवीण मित्तल ने किया शुभारंभ, देर रात तक शोभायात्रा और मां के दर्शन के लिए सड़कों पर दिखाई दी भीड़।

3.📰✍️ बीती शाम अगौता के धकौली में मेड़ की मिट्टी उठाने के विवाद में की गई किसान अनवार की हत्या, हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने वारदात का किया खुलासा; बीती शाम खेत में खून से लथपथ मिला था शव, गर्दन पर मिले थे धारदार हथियार के निशान। पुलिस के अनुसार बीती शाम रफीक अपने बेटों मुस्लिम और मोहसिन के साथ अनवार के खेत की मेड़ से मिट्टी उठा रहा था, अनवार द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने फावड़े की मूंद से वार कर उसकी कर दी थी हत्या, पुलिस ने आज तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का किया खुलासा।

4.📰✍️ जहांगीराबाद क्षेत्र में 44 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, विकास प्राधिकरण की चार स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई; क्षेत्र के अनाज मंडी स्थित आरसी फार्म हाउस, भईपुर दोराहे से जहांगीराबाद मार्ग, लीलावती स्कूल के पास और गहना गोवर्धनपुर मार्ग पर की गई कार्रवाई,‌ इस दौरान आनंद सिंघल की 11 बीघा, लाला सुरेश की 4 बीघा, असलम की 4 बीघा और मुनेन्द्र पाल सिंह की 25 बीघा भूमि पर चलाया गया बुल्डोजर, विकास प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र के कॉलोनाइजरों में मचा हड़कंप।

5.📰✍️ शहर के कालाआम और भूड़ चौराहे पर  41 एनसीसी कैडेट्स छात्राओं ने संभाली यातायात व्यवस्था, वाहन चालकों को किया जागरूक; मिशन शक्ति के तहत सीओ सिटी अनिल कुमार शाही ने ललता प्रसाद इंटर कॉलेज की 41 यूपी बटालियन की कैडेट्स छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा की दी जानकारी। इसके बाद कैडेट्स ने शहर के मुख्य चौराहों पर यातायात प्रबंधन में सहयोग कर लोगों को नियमों के पालन के प्रति किया जागरूक। इस दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर सहित गुरजीत सिंह, श्रद्धा शर्मा आदि रहे मौजूद।



बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ बीती रात नुमाइश मैदान में आयोजित रामलीला में टूटा शिव धनुष, धनुष टूटते ही सीता ने श्रीराम को पहनाई वरमाला; मथुरा-वृंदावन के कलाकारों ने सीता स्वयंवर की प्रस्तुत की लीला, जिसमें गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, परशुराम-लक्ष्मण के बीच हुआ संवाद। श्रीराम ने परशुराम का क्रोध शांत किया, जिसके बाद सीता ने उन्हें वरमाला पहनाई। इस दौरान अध्यक्ष नीरज जिंदल और महामंत्री अमित मित्तल सहित अन्य मौजूद रहे।

📰✍️ तुलसी के 51 पौधे बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,‌भारत विकास परिषद बुलंदशहर सेवार्थ शाखा ने संस्कृति सप्ताह के छठे दिन पुरानी जेल के पीछे स्थित श्याम खाटू मंदिर में पौधों का किया वितरण; इस दौरान शाखा अध्यक्ष नमन गर्ग, सचिव नितिन सचदेवा, विकास ग्रोवर, शालू ग्रोवर, चित्रा मित्तल, राजेश गुप्ता, सीमा गुप्ता, यशेष तोमर और चंद्र भूषण मित्तल सहित सदस्य रहे मौजूद।

📰✍️ जहांगीरपुर में ताऊ की हत्या का बदला लेने के लिए इमरान की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार; 7 अक्टूबर की रात बीमार बच्चे की दवा लेकर घर लौट रहे इमरान (36) को गोली मार दी गई थी। एडीसीपी संतोष कुमार के अनुसार, 2021 में ताऊ युसुफ की हत्या का बदला लेने के लिए जान मोहम्मद उर्फ जानू ने साथियों के साथ वारदात की थी, मामले में इमरान के भाई फरमान ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जान मोहम्मद और इदरीश को चांचली नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

📰✍️ पुलिस लाइन में मिशन शक्ति के तहत बहादुर महिलाओं और मेधावी छात्राओं का सम्मान,‌अभियान 6.0 के अंतर्गत आयोजित हुआ समारोह; सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन, एएसपी नगर अभिषेक प्रताप अजेय और सीओ सिकंदराबाद प्रखर पाण्डेय ने महिला सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

📰✍️ शिकारपुर में पुष्प वाटिका की लीला में श्रीराम-सीता मिलन ने मोहा मन; श्रीरामलीला महोत्सव में गंगा दर्शन, नगर दर्शन और पुष्प वाटिका की लीलाओं का मंचन किया गया, शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष राजबाला देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। रसराज स्वामी फतेहकृष्ण शर्मा की पार्टी के कलाकारों ने श्रीराम-सीता मिलन का भावपूर्ण मंचन किया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे; अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।


देश विदेश

📰✍️ पीलीभीत के अमरिया में रामलीला कमेटी के चंदे के विवाद में तीन की हत्या, दो सगे कारोबारी भाइयों समेत तीन की मौत; सोमवार रात करीब 9:30 बजे अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता अपने रिश्तेदार रोज गुप्ता के साथ दूसरे गुट के घर पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से हमला और फायरिंग हुई। गोली लगने से अंकित, मोहित, रोज और राहगीर कुणाल श्रीवास्तव घायल हो गए, अस्पताल में अंकित, मोहित और कुणाल की मौत हो गई, जबकि रोज गुप्ता का इलाज चल रहा है; घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर हुई।


News Editor: Dharmendra Mittal



शेयर करें: