चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार


1.📰✍️ बुलंदशहर के 3.85 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को दीपावली पर मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर, शासन के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत निशुल्क एलपीजी सिलेंडर वितरण का अभियान शुरू; डीएसओ अभय सिंह ने दी जानकारी, कहा ई-केवाईसी और आधार प्रमाणीकरण पूरा कराने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता। पहले चुकानी होगी सिलेंडर की कीमत, जिसके बाद तीन से चार दिन में बैंक खाते में भेज दी जाएगी राशि। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ता गैस एजेंसी पर जाकर पूरी करा सकते हैं प्रक्रिया।

2.📰✍️ खुर्जा की मंडी दानगंज स्थित श्री गोपाल ट्रेडर्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 2100 लीटर तेल सीज, सरसों और सोयाबीन रिफाइंड के लिए नमूने; सहायक आयुक्त ममता चौधरी और एसडीएम सत्येंद्र सिंह की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, 1300 लीटर एक्सपायर्ड सरसों का तेल और 800 लीटर खुला तेल किया गया सीज, ट्रेडर होने के बावजूद खुले तेल की बिक्री किए जाने पर की गई छापेमारी, भरे तीन नमूने, मामले में मुकदमा दर्ज कर होगी आगे की कार्रवाई।


3.📰✍️ गौरीशंकर कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित, अंग्रेजी साहित्य में भारतीय संस्कृति, मिथकों और ज्ञान परंपरा के संवर्धन पर विद्वानों ने दिया जोर; अंग्रेजी विभाग की ओर से एसोसिएशन फॉर इंग्लिश स्टडीज ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. अंशु बंसल, कार्यकारिणी अध्यक्ष सुभाष चंद अग्रवाल, सुशील कुमार कंसल, राकेश कंसल, हेमंत कुमार और अजय कुमार सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने किया तथा स्मारिका का विमोचन हुआ। मुख्य वक्ता दून यूनिवर्सिटी की डीन ऑफ लैंग्वेज प्रो. चेतना पोखरियाल ने गढ़वाली और कुमाऊंनी संस्कृति में भारतीय मूल्यों व परंपराओं पर डाला प्रकाश, शोधार्थी रिया देशवाल ने किया संचालन।


4.📰✍️ आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में बुलंदशहर पुलिस प्रदेश में नंबर वन, अक्टूबर माह में 5,133 शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण; एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में ऑनलाइन संदर्भ, सीएम हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल और एसएसपी/डीएम संदर्भ से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कर हासिल की गई यह उपलब्धि। शिकायतकर्ताओं के संतुष्ट फीडबैक के आधार पर जिले को प्रदेश में मिली पहली रैंक, अव्वल रैंक वाले थानों के संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित।

5.📰✍️ बुलंदशहर में 30 दिव्यांगजनों को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 20 दिव्यांगजनों और 10 स्कूली बच्चों को किया गया लाभान्वित; कृष्णा फाउंडेशन पुनर्वास केंद्र में प्रधानमंत्री दिव्ययाशा केंद्र के सौजन्य से हुआ आयोजन, ट्राइसाइकिल से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने और बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में फाउंडेशन के मुख्य सलाहकार ठाकुर सुनील सिंह, उद्योग व्यापार मंडल चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल, अनिल सिसौदिया, पंकज अग्रवाल, रोबिन नागर, पंकज गुप्ता, अभिषेक अग्निहोत्री, कार्तिक आर्य, विनय वर्मा और विवेक शर्मा रहे मौजूद।

बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ शहर के अलका मोटल में रोटरी क्लब का दीपावली डांडिया महोत्सव, रंग-बिरंगे परिधानों में सदस्यों ने किया नृत्य, लकी ड्रॉ विजेताओं को मिले चांदी के सिक्के; क्लब अध्यक्ष रो. अनुराग अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन लवकेश गुप्ता, नवीन गर्ग, सीए आयुष बंसल और मुनेश कंसल ने किया, सचिव अजय गोयल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दो लकी ड्रॉ में प्रदीप अग्रवाल और कृष्ण मोहन विजेता रहे, जिन्हें चांदी के सिक्के दिए गए। कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्य परिवारों के साथ मौजूद रहे।


📰✍️ गांगरौल में छत से गिरकर मजदूर की मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में गई जान, जहरीले जंतु के डसने की भी आशंका; मृतक की पहचान आजमगढ़ निवासी सुक्खू पुत्र सखाराम के रूप में हुई है, छत से गिरकर घायल होने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ ग्रामीणों ने जहरीले जंतु के डसने की आशंका जताई, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

📰✍️ जयपुर अल्ट्रा मैराथन में बुलंदशहर के बादल तेवतिया ने 50 किलोमीटर दौड़ में हासिल किया तीसरा स्थान, 4 घंटे 38 मिनट में पूरी की कठिन ट्रेल रन; दी डेसर्ट स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में किसौली गांव निवासी एवं बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत बादल ने विभिन्न प्रदेशों के सैकड़ों धावकों के बीच यह उपलब्धि हासिल की। जनपद के नौ धावकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया, जिनमें अमित कुमार अनेहड़ा चौथे, बसंत सिंह पांचवें, मुकेश मास्टर सातवें, कुनाल सिंह आठवें और रितेश कुमार दसवें स्थान पर रहे, जबकि राजीव कुमार, विकास शर्मा और भारत भूषण ने 25 किलोमीटर की दौड़ पूरी की।


📰✍️ स्याना के बुगरासी रोड स्थित राजा स्वीट हाउस पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई; अस्वच्छ स्थिति में भंडारित करीब दो कुंतल छेने की मिठाई कराई नष्ट, टीम ने दुकान से छेने की मिठाई के दो और गुलाब जामुन का एक नमूना जांच के लिए संकलित किया।

📰✍️ पुलिस लाइन में एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने साप्ताहिक परेड की ली सलामी, पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का किया निरीक्षण; उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम व खेलकूद दिनचर्या में शामिल कर शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने तथा पुलिस सेवा में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

News Editor: Dharmendra Mittal
