चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार


1.📰✍️ दिल्ली-एनसीआर में दीपावली पर सिर्फ ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति, सुप्रीम कोर्ट ने 7 और 8 नवंबर के लिए तय किया समय; लगातार दूसरे साल मिली सीमित छूट के तहत सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही जलाए जा सकेंगे पटाखे। अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों और अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर रहेगी रोक, ग्रीन पटाखों में सामान्य पटाखों की तुलना में कम हानिकारक रसायनों का होता है इस्तेमाल।

2.📰✍️ खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के गांव कलंदरगढ़ी में चौधरी स्वीट्स के नाम से संचालित फैक्ट्री में चल रहा मिलावट का गंदा खेल, भारी गंदगी और दुर्गंध के बीच अरारोट और केमिकल से बनाए जा रहे थे मिलावटी छैना रसगुल्ले; फूड सेफ्टी अधिकारी ममता चौधरी और अनिल कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने आज शाम छापा मारकर किया भंडाफोड़, जांच के दौरान रसगुल्लों में मिले मक्खियां और मच्छर, टीम ने भारी मात्रा में तैयार मिलावटी रसगुल्ले कराए नष्ट, पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे प्रयोगशाला, बिना लाइसेंस चल रहे गोदाम को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी।

3.📰✍️ जिला कारागार में विचाराधीन कैदी की मौत, आज दोपहर अचानक सीने में उठे दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत; इसके बाद उसे एंबुलेंस में ले जाया गया जिला अस्पताल, जहां चिकित्सकों ने मृत कर दिया घोषित। 30 दिसंबर 2024 से धोखाधड़ी और साइबर जालसाजी के मामले में जेल में बंद था खुर्जा निवासी 47 वर्षीय मृतक हरिसिंह सैनी उर्फ राजेंद्र, घटना के बाद जेल प्रशासन में मचा हड़कंप।

4.📰✍️ जहांगीराबाद में प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप; भईपुर दौराहे स्थित एक अस्पताल में कविता देवी की ऑपरेशन के दौरान नस कटने से अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण बिगड़ गई हालत, अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में महिला की हो गई मौत, नवजात बच्ची सुरक्षित है। पति विष्णु की तहरीर पर डॉक्टरों, दो अस्पताल संचालकों और एक महिला कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने दो अस्पताल संचालकों को किया गिरफ्तार।


5.📰✍️ बुलंदशहर में गड्ढामुक्त सड़क अभियान में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश; कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ निशा ग्रेवाल ने की अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक, उन्होंने अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बनाने और सभी कार्य समय सीमा में पूरे कराने के दिए निर्देश।

बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ श्री महाकाली जी की 129वीं भव्य शोभायात्रा के सकुशल संपन्न होने पर प्रसादी भोज, आज चमेली देवी कन्या विद्यालय में श्री महाकाली कमेटी एवं अखाड़ा ने किया आयोजन; इस बार की शोभायात्रा में अनुशासन की दिखी थी विशेष मिसाल, निर्धारित समय पर शुरू होकर समय से संपन्न हुई थी यात्रा, हाई-फाई डीजे का नहीं किया गया था प्रयोग। कार्यक्रम में अध्यक्ष सूर्यभूषण मित्तल सहित अन्य सदस्य रहे मौजूद।

📰✍️ शहर के साठा में श्री सप्त भवानी अखाड़ा मां कालका युवा कमेटी ने आयोजित किया सम्मान समारोह, कमेटी सदस्यों सहित मां के स्वरूपों और शोभायात्रा में सहयोग करने वालों को किया सम्मानित; कार्यक्रम में संस्थापक एवं अध्यक्ष शिवम कुमार, सुमित शर्मा, पंकज उपाध्याय, हर्ष मित्तल, आशु श्रीवास्तव, राहुल कश्यप सहित कमेटी के अन्य सदस्य रहे मौजूद।


📰✍️ बीबी नगर में पड़ोस युवा संसद में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, युवाओं ने जीवनभर नशा न करने की ली शपथ; मेरा युवा भारत, बुलंदशहर की ओर से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर राजकीय महाविद्यालय में हुआ आयोजन, प्राचार्य डॉ. जीनत जैदी और मुख्य अतिथि डॉ. नरेश कुमार ने किया शुभारंभ। वक्ताओं ने नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणाम बताते हुए योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया गया प्रेरित। माय भारत की उपनिदेशक राशि मिश्रा के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन, सैकड़ों युवा और नागरिक मौजूद रहे।


📰✍️ जहांगीरपुर में पत्नी की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास, 50 हजार रुपये का लगा अर्थदण्ड; वर्ष 2020 में हापुड़ निवासी इरफान ने गला दबाकर की थी हत्या, आज एडीजे खुर्जा न्यायालय के न्यायाधीश दिलीप सचान ने दोषी इरफान को आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदण्ड की सुनाई सजा। अभियोजन पक्ष से अभियोजक संजीव कुमार, रश्मि सोलंकी, मॉनीटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक पंकज राय, कांस्टेबल आदित्य, सचिन कुमार और अंजली पंवार का योगदान रहा।

📰✍️ खुर्जा के मुंडाखेड़ा रोड स्थित आबदानगर में गंदे नाले में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी; नाले में कचरा तलाश रहे बच्चे ने शव पड़ा देखकर दी सूचना। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस हत्या और हादसे समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
देश विदेश

📰✍️ कुशीनगर में तिलक समारोह से लौट रही कार ट्रक से टकराई, भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल; हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा। कार सवार सभी आठ लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव से हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराड़ पिपरा गांव में तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे में प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद, रामबेलास, राम मिलन, मृदुल मिश्रा, रंजय गुप्ता और मिथलेश गुप्ता की मौत हो गई, जबकि आयुष और आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए।

News Editor: Dharmendra Mittal
