24 अक्टूबर 2026: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

1.📰✍️ नशे के सौदागरों के खिलाफ बुलंदशहर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही, जिले में तीन अलग-अलग जगह से कुल 9 किलो से अधिक गांजा और 30 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार; सिटी पुलिस ने नरसलघाट निवासी सलमान को करीब 4.05 किलो गांजे, डिबाई पुलिस ने नयावास निवासी जगनेश को 30 ग्राम स्मैक (कीमत करीब 3 लाख रुपये) और अनूपशहर पुलिस व स्वाट टीम देहात ने चोला क्षेत्र निवासी नागेंद्र सोलंकी को 5.14 किलो गांजे के साथ किया है गिरफ्तार, तीनों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमें दर्ज कर भेजा गया जेल।

2.📰✍️नुमाइश ग्राउंड में एक दूसरे के हुए 302 जोड़े, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत परिणय सूत्र में बंधे 270 हिंदू और 32 मुस्लिम जोड़े; विधायक प्रदीप चौधरी, देवेंद्र सिंह लोधी और लक्ष्मीराज सिंह रहे मुख्य अतिथि, विधायकों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए इस योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बताया महत्वपूर्ण पहल।

3.📰✍️ बुलंदशहर में 27 केंद्रों पर होगी पीईटी-2026 परीक्षा, करीब 72 हजार अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत;  25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक परीक्षा। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लगा हुआ है जिला प्रशासन।

4.📰✍️ जमीन हड़पने के लिए खुद को गोली मरवाने का आरोप, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मिर्जापुर अगरपुर निवासी पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार; मामले में पुलिस ने श्रीपाल सिंह, उसके पिता ब्रह्मा सिंह और रोहित को किया है गिरफ्तार। करीब 10 वर्ष पहले ब्रह्म सिंह ने अशोक कुमार के पिता से तीन बीघा जमीन का इकरारनामा कर लिए थे रुपये, लेकिन न रुपये लौटाए और न कराया बैनामा, जिसका कोर्ट में चल रहा केस। तीनों आरोपियों ने अशोक कुमार को फंसाने के लिए 30 सितंबर को ब्रह्मा सिंह पर मरवाई थी गोली और अशोक कुमार के खिलाफ दर्ज कराया था झूठा मुकदमा।

5.📰✍️ बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, एसडीएम सदर अंगद यादव ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण; एसडीएम ने बूथ संख्या 257 से 264 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, 246 से 249 स्थित सहायक अभियंता द्वितीय खंड कार्यालय और 250 से 253 स्थित हकीम मुकुट लाल कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, स्थानांतरित मतदाताओं के विवरण में संशोधन और मृतकों के नाम हटाने के लिए मिले फॉर्मों की जानकारी लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश।



बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ एडीएम न्यायिक भरत राम के निधन से अधीनस्थों और शुभचिंतकों में शोक, मिलनसार और कर्मठ अधिकारी को याद कर भावुक हुए सहकर्मी; लोगों को अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उनके बीच नहीं रहे मिलनसार और कर्मठ अधिकारी भरत राम, सहकर्मियों का कहना वह गंभीरता से सुनते थे हर व्यक्ति की समस्या, उन्होंने अपने सरल व्यवहार और सहयोगी कार्यशैली से लोगों के दिलों में बनाया था विशेष स्थान।

📰✍️ कोतवाली नगर पुलिस ने चार वारंटी गिरफ्तार किए, अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए आरोपी; गिरफ्तार आरोपियों में देवीपुरा प्रथम निवासी अल्लानूर, सरायधारी निवासी आस मोहम्मद, मनिहारों वाला कुआं निवासी फिरोज और देवीपुरा निवासी अजय हैं शामिल।

📰✍️ खुर्जा में मधुमंजरी फाउंडेशन के करवा चौथ और डांडिया कार्यक्रम में महिलाओं ने मचाई धूम, पारंपरिक परिधानों में किया नृत्य; शुक्रवार को विराज रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम में संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. रिंकी अग्रवाल प्राची ने महिलाओं का बालों में गजरा लगाकर स्वागत किया और करवा चौथ का शगुन दिया। ग्रुप गेम्स के साथ डांडिया रास का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

📰✍️ दिल्ली में बीएस-IV से कम श्रेणी की बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध, 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक लागू रहेंगे नियम; दिल्ली से बाहर पंजीकृत बीएस-IV से कम श्रेणी के वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी, जबकि सीएनजी, इलेक्ट्रिक और बीएस-IV डीजल बसों को छूट दी गई है। शनिवार को बुलंदशहर एआरटीओ (प्रवर्तन) नीतू शर्मा ने ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारियों और बस ऑपरेटरों के साथ बैठक कर नियमों की जानकारी दी और पालन करने की अपील की।

📰✍️ खुर्जा नगर क्षेत्र में एनएच-34 पर तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवारों को रौंदा, दोनों की मौके पर मौत; गांव बघराई कट के पास हुए हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया। दोनों मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतकों की पहचान करने में जुटी है।

📰✍️ औरंगाबाद क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से 60 वर्षीय मजदूर की मौत, चालक फरार; गांव चरोरा मुस्तफाबाद निवासी बिजेंद्र जाटव रात पैदल गांव लौट रहे थे, तभी हाईवे पर श्री सर्वहितकारी इंटर कॉलेज के निकट अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र विपिन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

📰✍️ शहर में दिल्ली रोड फीडर की बिजली तीन दिन रोजाना 4 घंटे रहेगी बंद, जिला न्यायालय परिसर में नई भूमिगत केबल डालने का चल रहा काम; 23 से 25 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक डीएम रोड स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से पोषित 11 केवी दिल्ली रोड फीडर की आपूर्ति सुरक्षा के मद्देनजर रहेगी बाधित।


News Editor: Dharmendra Mittal



शेयर करें: