आगरा: आगरा में तापमान 49° डिग्री के पार पहुंच गया है। एक तरफ गर्मी से राहत पाने के लिए लोग एसी, कूलर पता नहीं क्या क्या कर रहे हैं और दूसरी तरफ इस झुलसा देने वाली गर्मी में आगरा की 10 कॉलोनी ऐसी हैं जहां एक भी एसी नहीं लगा है। अगर आप सोच रहे हैं कि यहां लोग एसी खरीदने के लिए सक्षम नहीं हैं, तो आप गलत है। क्योंकि यहां पर वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर-इंजीनियर और बिजनेसमैन रह रहें हैं।

ग्लोबल वॉर्मिंग रोकना है उद्देश्य
फिर मन में सवाल उठता है इन्हें गर्मी नहीं लगती हैं? इसके पीछे कारण इन कॉलोनियों की अनूठी पहल है। यहां लगभग 1500 परिवार रहते हैं जो हर प्रकार की टेंशन से फ्री हैं। इन सभी का एक ही संकल्प है- ग्लोबल वॉर्मिंग रोकना है। ‘सादा जीवन-उच्च विचार’।

बताते हैं कि आगरा में बीचोबीच दयालबाग है। यहां पर कई दशकों पुरानी दस कॉलोनियां हैं। यहां पर बने हुए घरों की बनावट अलग दिखाई देती हैं। आवास ज्यादा हाईटेक नहीं हैं। घरों की छत ऊंची है। ऊपर वेंटिलेशन सिस्टम बना है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि हम लोगों ने कभी एसी नहीं लगवाया और ना ही किसी भी कालोनी में रह रहे परिवार के मन में लगवाने की लालसा है।
यहां पर रहने वाले परिवारों का पर्यावरण संतुलन पर फोकस हैं। हरियाली को बढ़ावा देना और किस प्रकार गर्मी के प्रकोप को खत्म किया जाए। कॉलोनी में गर्मी में केवल कूलर और पंखों का प्रयोग करते हैं।