12 दिसंबर 2025: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

बुलंदशहर जिले की 5 मुख्य खबरें

1.📰✍️मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवंबर 2025 की रैंकिंग में 60वें नंबर पर बुलंदशहर।

➡️ शिकायतों के निस्तारण, विकास और राजस्व कार्यों में जिले का प्रदर्शन कमजोर रहा। जारी सूची के अनुसार मेरठ मंडल के सभी जिले प्रदर्शन में फिसड्डी साबित हुए हैं। मेरठ को 58वां, गाजियाबाद को 74वां, गौतमबुद्ध नगर को 75वां, हापुड़ को 62वां और बुलंदशहर को 60वां और बागपत को 65वां स्थान मिला है। यह दर्शाता है कि मंडल के लगभग सभी जिलों में शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और राजस्व कार्यों की गुणवत्ता में गंभीर कमियां हैं। सूत्रों के अनुसार शिकायतों के निस्तारण में देरी, कागजों में निस्तारण दिखाना, फील्ड स्तर पर अधिकारियों की मनमानी रिपोर्ट से जिले की रैंकिंग गिरी है। कई मामलों में शिकायतें ‘निस्तारित’ तो दिखा दी जाती हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति जमीन पर जस की तस बनी रहती है । नवंबर 2025 में प्रदेश में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शाहजहांपुर, श्रावस्ती, हरदोई और औरेया शामिल रहे।

Ad- Ojas Eye Care

2.📰✍️अवैध कॉलोनी पर चला बुल्डोजर, 13 दुकानें सील।

➡️बुलन्दशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण ने विभिन्न स्थानों पर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम भमरा पर हाजी शाहिद एवं बाबा बिजेंद्र द्वारा तैयार की जा रही 3 बीघा अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा रामनगर, बराल पुलिस चौकी से 50 मीटर आगे मेरठ रोड पर रविन्द्र कुमार शर्मा द्वारा निर्मित 2 दुकानों तथा ग्राम मीठापुर, एनएच-34 मेरठ रोड गुलावठी पर मौ. फकरूद्दीन की 11 दुकानों को सील किया गया। प्राधिकरण सचिव ने लोगों से अपील की है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण न करें तथा अवैध कॉलोनियों में भूखंडों की खरीद-फरोख्त से बचें।

Ad- Book your Resume today

3.📰✍️बीएसए ने किया अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का औचक निरीक्षण, एक प्रधानाध्यापिका निलंबित।

➡️जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने शिकारपुर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया। संविलियन विद्यालय मुकैरा, हलपुरा, फतेहपुर खुर्द व प्राथमिक विद्यालय सरावा में अनियमितताएं मिलने पर अनुशासनात्मक जांच बैठाई गई, जबकि प्राथमिक विद्यालय खलसिया की इंचार्ज प्र0अ0 रश्मि कौशिक को निलंबित कर दिया गया। पीएम श्री विद्यालय मोहम्मदपुर गिनौरा में संतोषजनक व्यवस्थाएं मिलने पर स्टाफ की सराहना की। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। बीएसए ने स्पष्ट कहा कि परीक्षाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विद्यालय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

4.📰✍️शादी में जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत।

➡️ देर रात कोतवाली देहात क्षेत्र में सड़क हादसे में रिटायर्ड शिक्षक राजेंद्र सिंह की मौत हो गई। घटना भूड़ चौराहा क्षेत्र में हुई जब तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। राजेंद्र सिंह एक शादी में कन्यादान करने जा रहे थे। मृतक गिरधारी नगर निवासी राजेंद्र सिंह है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात वह एक परिचित की बेटी के विवाह में कन्यादान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

5.📰✍️प्रियंका गांधी से मिले जियाउर्रहमान, महारैली में बड़ी भागीदारी का आव्हान।

➡️कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। प्रियंका गांधी ने 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली “वोट चोर–गद्दी छोड़” महारैली को सफल बनाने के लिए बुलंदशहर से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आव्हान किया। जियाउर्रहमान ने बताया कि जिले से लगभग 3000 कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। उन्होंने जनवरी में प्रियंका गांधी को बुलंदशहर आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। मुलाकात के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, रवि लोधी, अमित जाटव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg

बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️नवनिर्वाचित सदस्यों का विधायक ने किया सम्मान।

➡️ खुर्जा के मनीष सिंह और अमनदीप कौर को भाजपा ने उत्तर प्रदेश के प्रांतीय परिषद सदस्य के रुप में निर्वाचित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र गुप्ता ने उन्हें यह दायित्व सौंपा। यह निर्वाचन खुर्जा विधायक श्रीमती मीनाक्षी सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों को विधायक मीनाक्षी सिंह के कैंप कार्यालय पर सम्मानित किया । सम्मान समारोह में उन्हें फूल-मालाओं, पटका और उपहार भेंट किए गए। इस अवसर पर खुर्जा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अपने सम्मान के बाद मनीष सिंह और श्रीमती अमनदीप कौर ने विधायक मीनाक्षी सिंह का आभार व्यक्त किया।

📰✍️मंदिर से घण्टे चोरी करने वाले दो शातिर चोर मुठभेड़ में गिरफ्तार।

➡️ थाना डिबाई पुलिस और स्वाट टीम देहात ने रात सूरजपुर मखेना के पास मुठभेड़ के दौरान मंदिरों से घण्टे चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश ताज मोहम्मद उर्फ बसैया के पैर में गोली लगी जिसे घायलावस्था में उसके साथी हम्मू उर्फ भूरा सहित पकड़ा। चैकिंग के दौरान दोनों बाइक से आते दिखे पुलिस के रुकने के इशारे पर न रुकते हुए नहर पटरी की ओर भागने लगे। घेराबंदी पर बदमाशों ने फायरिंग की जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों बदमाश हाथरस, अलीगढ़, एटा सहित कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट के दर्जनों मुकदमों में वांछित थे। डिबाई के चामुंडा मंदिर से 3 अगस्त को हुई घण्टा चोरी में इनकी संलिप्तता सामने आई थी।


देश विदेश की बड़ी खबरें

📰✍️मेरठ में मोमबत्ती से लगी आग में 22 महीने की बच्ची की मौत।

➡️बिजली कटने के बाद मोमबत्ती के सहारे चल रहा जीवन एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। बड़कली गांव में जलती मोमबत्ती से लगी आग में 22 महीने की नायरा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब बच्ची घर पर अकेली सो रही थी और परिवार के सदस्य गांव में एक शादी समारोह में गए हुए थे। रोशनदान से धुआं उठता देख पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो देखा कि बच्ची पूरी तरह जल चुकी थी। आग पर काबू पाने के बाद परिवार ने बिना किसी को सूचना दिए ही नायरा का अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है और कई महीनों से बिजली बिल बकाया होने के कारण कुछ दिन पहले ही बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया था।


News Editor: Dharmendra Mittal


जिला बुलंदशहर और आसपास की हर ब्रेकिंग न्यूज़ को व्हाट्सएप पर पाए, नीचे इमेज पर क्लिक करके  व्हाट्सएप ग्रुप जॉइन करें।

This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg

शेयर करें: