चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार
बुलंदशहर जिले की मुख्य खबरें

📰✍️गाजियाबाद में हिस्ट्रीशीटर को पकड़कर ले जा रही नोएडा पुलिस टीम पर फायरिंग, सिपाही शहीद, पुलिस की पकड़ से साथी को छुड़ाया।
➡️ पुलिस के मुताबिक रविवार को नोएडा के फेस-3 थाने की पुलिस को सूचना मिली थी लूट के एक मामले में फरार बदमाश कादिर उर्फ मंटा गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में छिपा है। इसके बाद पुलिस ने रात साढ़े 12 बजे नाहल गांव में दबिश दी। कादिर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही पुलिस टीम कादिर को लेकर गांव से बाहर निकली उसके साथियों ने अचानक पथराव शुरु कर दिया। पुलिस के संभलने से पहले बदमाशों ने फायरिंग भी शुरु कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली सिपाही सौरभ के सिर में लगी जिससे वह घायल हो गए, उपचार के दौरान मौत हो गई।

📰✍️नहीं रहें तीन बार बुलंदशहर से सांसद रहे पूर्व राज्य मंत्री डाक्टर छत्रपाल सिंह, दिल्ली के एम्स में ली अंतिम सांस।

➡️भाजपा की अटल बिहारी वाजपेई सरकार में राज्य मंत्री रहे वरिष्ठ भाजपा नेता डॉक्टर छत्रपाल सिंह नहीं रहे। पूर्व राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह ने 79 वर्ष की उम्र में दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। बुलंदशहर के गांव बिगराऊ के मूल निवासी डॉक्टर छत्रपाल सिंह का फिलहाल नगर में टीचर्स कॉलोनी में आवास हैं। उनको निधन पर राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।



📰✍️कर्मचारी संघ के केन्द्र पाल सिंह अध्यक्ष, नरेश चन्द्र सचिव चुने गए।

➡️ बुलंदशहर जनपद में उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ का चुनाव निर्वाचन अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव की देखरेख में कड़ी सुरक्षा में कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ। जिसमें केन्द्र पाल सिंह अध्यक्ष, नरेश चन्द्र सचिव और सुशील कुमार कोषाध्यक्ष चुने गए। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए योगेश शर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष मौहम्मद रहीश, नितिन कुमार संयुक्त मंत्री, संजीव कुमार संगठन मंत्री, प्रशांत कौशिक सम्प्रेक्षक और मोनू सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा मंत्री चुने गए।निर्वाचन अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि अध्यक्ष, सचिव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मतदान हुआ। चुनाव प्रक्रिया पुलिस की कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
परिणाम की घोषणा के बाद कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया।

📰✍️सिकंदराबाद क्षेत्र के मोहल्ला पत्थरवाड़ा में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या; छत के पंखे पर फंदे पर झूलता मिला 22 वर्षीय संदेश का शव। गृहक्लेश माना जा रहा है आत्महत्या का कारण।

📰✍️खुर्जा क्षेत्र में नहरुपुर चुंगी के पास दुर्घटनाग्रस्त कार से मीट बरामद होने पर हंगामा, कार के पास रोड पर ही धरने पर बैठे हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता।

➡️ मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने लोगों को समझाकर शांत कराया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। देर रात आंधी-बारिश के कारण डिवाइडर से टकराकर छतिग्रस्त हो गई थी कार। जांच के लिए डॉक्टरों की टीम बुलाई गई, जांच के लिए भेजा गया कार से बरामद होने वाला मांस। कार चालक फरार।

📰✍️ सिटी क्षेत्र की शिवा कॉलोनी में श्रीमद्भागवत कथा में गंगा अवतरण, श्रीराम और श्रीकृष्ण कथा का किया गया वर्णन।

➡️ कथा के चौथे दिन व्यासपीठ से पूज्य श्री श्याम सुंदर शिवराम महाराज ने गंगा अवतरण, श्रीराम कथा और श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य लीलाओं का रसपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार राजा भगीरथ की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने गंगा को अपनी जटाओं में धारण किया और फिर धरती पर अवतरण कराया। इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और ‘गंगा मैया की जय’ के वातावरण गूंज उठा। आयोजन समिति की ओर से छत्तर पाल शर्मा, राम कुमार यादव, अरविंद शर्मा, रामबीर यादव, जगमोहन उर्फ रिंकू यादव, मास्टर मुकेश यादव, चौधरी सुरम्बीर सिंह, गिरधर सिंह यादव, जय सिंह, निक्कू शर्मा और हितेश शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। मुख्य यजमान गिरिराज किशोर गुप्ता एवं धर्मपत्नी छाया गुप्ता रहे।

📰✍️अनूपशहर क्षेत्र में गंगा पुल के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़; दो शातिर बदमाशों के पैर में लगी गोली।
➡️ मुठभेड़ में दोनों ओर से हुई कई राउंड फायरिंग। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम हनी वर्मा और अनुज वर्मा बताया इनका लंबा चौड़ा है आपराधिक इतिहास। पुलिस की गोली लगने से घायल हुए दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती। अनूपशहर इलाके में एक टप्पे बाजी की घटना में चल रहे थे वांछित। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचा, कारतूस एक मोटरसाइकिल को किया बरामद।

📰✍️सेवा भारती ने मनाई अहिल्याबाई होलकर जयंती।

➡️ यमुनापुरम में डीपीएस स्कूल में अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती सेवा भारती द्वारा मनाई गई । कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक मुंशीलाल गौतम ने की और मुख्य वक्ता डॉक्टर संजीव यादव रहे। कार्यक्रम में संजय गर्ग, जन्मेजय उपाध्याय, कृष्ण गोपाल, नेम चंद जैन, अशोक शर्मा, सतीश उपाध्याय, भीष्म सिसोदिया और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

📰✍️भारत विकास परिषद बुलंदशहर सेवार्थ के बाल संस्कार शिविर में मेकअप के दिए गए टिप्स, बच्चों ने बनाए स्वादिष्ट व्यंजन।

➡️भारत विकास परिषद बुलंदशहर सेवार्थ शाखा द्वारा बाल संस्कार शिविर का आयोजन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्कूल भूतेश्वर साठा में किया गया। जिसमें पहले दिन 79 बच्चों ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महिला प्रमुख आश्री अग्रवाल, विधालय से रमेश पाण्डेय, विनोद कुमार, एडवोकेट योगेश गुप्ता, मेघा जालान, श्वेता सचदेवा, शालू ग्रोवर, अनिल बंसल, विकास ग्रोवर, राजपाल सिंह वर्मा, नितिन सचदेवा, यशेष तोमर, दीप्ति सिंह और प्रधानाचार्य रामू जी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
बाल संस्कार शिविर में पहले दिन मेकअप से संबंधित जानकारी और चेहरे की फेशियल करके विस्तार से श्वेता सचदेवा ने समझाया। वहीं बच्चों ने कुकिंग विदाउट फायर के नाश्ते की वस्तुएं बनाकर सभी को खिलाई। वहीं बच्चों ने कब्बड्डी और खो-खो गेम भी खेलकर बाल संस्कार शिविर का खूब आनंद उठाया। चन्द्र भूषण मित्तल के संचालन में हुए बाल संस्कार शिविर कार्यक्रम में रमेश पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में भारत विकास परिषद के पांचों सूत्रों की विस्तार से जानकारी दी और जिला महिला प्रमुख आश्री अग्रवाल ने बच्चों को खेलकूद के साथ पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वंदेमातरम, स्वागत गीत, गायत्री मंत्र, ओम् मंत्र का जाप, गीत, राष्ट्रगान भी किया गया। बाल संस्कार शिविर को सफल बनाने में विद्यालय शिक्षकों की अहम भूमिका रही।

📰✍️ सिटी के लाल तालाब स्थित पॉवर इलेक्ट्रॉनिक के मालिक नौशाद को दुकान के नौकर ने लगाया 15 लाख का सामान बेच चूना।
➡️ मालिक की गैरमौजूदगी मे चचेरे भाई की मदद से गोदाम से गायब करा रहा था कीमती सामान, मालिक नौशाद ने चार खम्बा कृष्णा पैलेस निवासी राहुल पुत्र राकेश व चचेरे भाई वंश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

📰✍️छतारी पुलिस ने चोरी की बाइक और चाकू के साथ 2 बाइक चोरों को किया गिरफ्तार।
➡️ पुलिस ने बाइक चोर प्रशान्त कुमार पुत्र नेम सिंह निवासी शेखपुर, विशाल कुमार पुत्र सुखराम सिंह निवासी कीरतपुर थाना छतारी को भेजा जेल।

📰✍️गुलावठी पुलिस ने चेकिंग अभियान में दो लोगों को तमंचे के साथ भेजा जेल, जावेद उर्फ गजनी पुत्र मेहताब उर्फ छोटे निवासी पीर खा और फकाना निवासी इंतजार अली पुत्र बुंदा खान के रूप में हुई है दोनों की पहचान।
उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें

📰✍️ललितपुर में अफसरों पर किया मधुमक्खियों ने हमला, कई अधिकारी घायल।
➡️ शासन से आए नोडल अधिकारी सुनील वर्मा विशेष सचिव विकास कार्य का निरीक्षण करने अधिकारियों के साथ क्षेत्र में गए तो देवगढ़ बौद्ध गुफा के पास मधुमक्खियों ने अफसरों पर हमला कर दिया । अफसरों के दल में सीडीओ, एडीएम नमामि गंगे, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मौजूद थे। मधुमक्खियां के हमले में कई अफसर घायल हो गए। सूत्रों की माने तो मधुमक्खियों से बचाने के लिए प्रशासन को कंबल मंगवाने पड़े।

📰✍️गाजियाबाद में आंधी और बारिश से एसीपी दफ्तर की गिरी छत, दरोगा की जान गई।

➡️ आंधी और बारिश से एसीपी ऑफिस की छत गिरने से ऑफिस के अंदर सो रहे एक सब-इंस्पेक्टर की मलबे में दबकर मौत हो गई। सुबह बारिश रुकने के बाद जब पुलिस कर्मी ऑफिस पहुंचे तब घटना का पता चला। पुलिसकर्मियों ने मलबे में दबे वीरेंद्र कुमार मिश्रा को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इटावा निवासी दरोगा वीरेंद्र मिश्रा एसीपी अंकुर विहार के रीडर थे। ड्यूटी के कारण रात को ऑफिस में रुके थे और अपना काम निपटाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2:30 बजे तेज बारिश के चलते उनके ऑफिस के कमरे की छत गिर गई।

📰✍️काशी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने पूरे ठेले के खरीदे आठ हजार रुपए में आम।

➡️वाराणसी में तिरंगा यात्रा में आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पूरे ठेले के आम खरीद दुकानदार से 8 हजार रुपए में सौदा तय कर खरीद लिए। इसके बाद केशव मौर्य ने राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, प्रांतीय अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, काशी मेयर अशोक तिवारी के साथ सड़क पर खड़े होकर आम खाए। मलदहिया इलाके में जब यात्रा खत्म हुई तो केशव प्रसाद पार्टी नेताओं के साथ वहीं खड़े थे। भीषण गर्मी में उनकी नजर सामने लगे आम के ठेले पर पड़ी। वह पूरी टीम के साथ ठेले पर पहुंच गए। डिप्टी सीएम ने ठेले पर पहुंचते ही पूछा कौन सा आम है दुकानदार संतोष कुमार ने जवाब दिया लंगड़ा आम है। इसके बाद केशव मौर्य ने एक आम खुद लिया और एक प्रदेश अध्यक्ष को दिया। केशव मौर्य ने आम खाया तो उनको टेस्ट अच्छा लगा। इसके बाद उन्होंने संतोष से पूरे ठेले की रेट पूछी। सोनकर ने पूरे ठेले की रेट 8 हजार रुपए बताए। डिप्टी सीएम ने अपने साथी से कहा इनको 8 हजार दे दीजिए। सभी को एक-एक आम बांट दीजिए।

📰✍️बहराइच में एक मां ने अपने बच्चों को बचाने के लिए दे दी जान, भिड़ गई तेंदुआ से।
➡️ एक मां ने अपने बच्चों को बचाने के लिए अपनी जान दे दी। बताते हैं कि रात को 2 बजे तेंदुआ छत पर चढ़ गया। आहट सुनकर महिला की आंख खुल गई। तेंदुआ सो रहे उसके बच्चों पर अटैक करने वाला था लेकिन महिला तेंदुए के आगे आ गई। शोर मचाकर उसने तेंदुए को भगाने की कोशिश की। इसके बाद तेंदुए ने महिला पर अटैक कर दिया और गर्दन जबड़े में दबोचकर छत से नीचे कूद गया। फिर उसने चेहरे सीने और गले को नोच डाला। महिला की चीख सुन परिजन और गांव वाले पहुंचे। उन्होंने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया लेकिन तब तक महिला की मौत हो गई थी।
मृतक महिला जरीना अयोध्या पुरवा गांव की रहने वाली थी।
देश विदेश की बड़ी खबरें

📰✍️दिल्ली में ई चार्जिंग स्टेशन में लगी आग, दो लोगों की मौत, चार घायल।

➡️ शाहदरा स्थित ई-चार्जिंग स्टेशन में आग लगने पर दो लोगों की मौत हो गई और चार झुलस गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार सुबह 6.40 मिनट पर दमकल विभाग को शाहदरा के मोती राम रोड पर राम मंदिर के पास ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में आग लगने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। 400 वर्ग गज के टिन शेड के नीचे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में भीषण आग लगी थी। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार दो जले हुए शव मिले है। चार लोगों का जीटीबी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

📰✍️देश में दो दिन में 2 लोगों की मौत; महाराष्ट्र समेत इन राज्यों में तेजी से बढ़े एक्टिव मरीज।

➡️ देश में कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। केरल कर्नाटक के बाद महाराष्ट्र में मामलों में वृद्धि देखी जा रही है और कुछ राज्यों में मौतें भी हुई हैं। देश में 363 एक्टिव मरीज हैं और दो दिनों में दो मौतें हुई हैं। महाराष्ट्र में 43 नए मामले सामने आए हैं जिनमें ठाणे में 21 वर्षीय मरीज की जान चली गई।