23 नवंबर 2026: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

1.📰✍️ भीषण जाम से हांफा बुलंदशहर, शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट से लेकर शहर के अंदर भी सड़कों पर भीषण जाम, दिनभर कालाआम से भूड़ चौराहे तक लगा रहा जाम, एंबुलेंस भी फंसी; शादी-विवाह के चलते दिल्ली-बुलंदशहर रोड, बुलंदशहर-अलीगढ़ और बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग पर वाहनों की लगी लंबी कतारें, कालाआम से डीएम रोड और स्याना अड्डा रोड पर भी रेंगते रहे वाहन, कई जगह पैदल निकलना तक हो गया मुश्किल, लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से जनपदवासी परेशान।

2.📰✍️ बुलंदशहर की जीवनगीत कॉलोनी में रविवार देर रात ठेकेदार ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या, घटना के समय घर में अकेला था कपिल बालियान; मूल रूप से जहांगीराबाद क्षेत्र के भौपुर गांव का रहने वाला था 40 वर्षीय मृतक कपिल, सरकारी व निजी ठेकेदारी का करता था काम, पत्नी बच्चों के साथ तीन दिन पहले गई थी मायके, सूचना पर पहुंची पुलिस को घर में उसका शव मिला, पेट पर मोबाइल और पास में रखी थी नमकीन की प्लेट, जांच में जुटी पुलिस।

3.📰✍️ खुर्जा देहात के नगला चीती में चौकीदार की मौत, तबीयत बिगड़ने पर पॉटरी संचालक पर घर छोड़कर जाने का आरोप; ध्रुव पॉटरी में चौकीदारी का काम करता था मृतक सुभाष सिंह, परिजनों का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने पर संचालक उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय घर छोड़कर चले गए, समय रहते उपचार मिलता तो बच सकती थी जान। परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर संचालक के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की लगाई है गुहार।

4.📰✍️ कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर छोटी काशी अनूपशहर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गंगा स्नान और दीपदान के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालु; दूर-दराज से बैलगाड़ी, भैंसा बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बस और निजी वाहनों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर मांगी मनौती, दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए किया दीपदान, करीब सात किलोमीटर क्षेत्र में फैले मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने तीन सुपर जोन और 16 जोन बनाकर की है अधिकारियों की तैनाती।

5.📰✍️ अनूपशहर में राष्ट्र चेतना मिशन ने कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर 251 दीप गंगा में प्रवाहित कर अज्ञात मृतकों को दी श्रद्धांजलि, पिछली कार्तिक पूर्णिमा से इस वर्ष तक करीब 250 अज्ञात व लावारिस लोगों का संस्था द्वारा किया गया अंतिम संस्कार;  बवस्टरगंज गंगा घाट पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, वरिष्ठ पुरोहित सौरभ गौड़ ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया कार्यक्रम। इस दौरान संस्था अध्यक्ष हेमन्त सिंह, अनिल गर्ग, न्यू गुप्ता, सुनील गुप्ता, डॉ. मुकेश गुप्ता, अभय गर्ग, डॉ. अखण्ड प्रताप सिंह, डॉ. एस. कुमार, अर्पित जैन, डॉ. मोहित माधव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ पुलिस लाइन में मनाया गया पुलिस झंडा दिवस, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर दी सलामी; क्वार्टर गार्ड पर आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश अधिकारियों और कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने पुलिस ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखते हुए ईमानदारी एवं निष्ठा से कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया और सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों को शुभकामनाएं दीं।

📰✍️बुलंदशहर में प्रदूषण से नहीं मिल रही राहत, ग्रैप की पाबंदियां हटने के बाद भी हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं; धूल नियंत्रित करने के लिए मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, लेकिन खास असर नहीं दिख रहा। तापमान गिरने से धूल और धुएं के सूक्ष्म कण वातावरण की निचली सतह पर जमा हो रहे हैं, जिससे सुबह-शाम राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को सांस लेने में परेशानी, गले में खराश और आंखों में जलन हो रही है।

📰✍️ बुलंदशहर का मान्या हत्याकांड, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा; उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर परिवार को सहायता का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि तंत्र-मंत्र के शक में आरोपी महिला सोनाली ने तीन वर्षीय मान्या की हत्या कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के कमरे से बच्ची का शव बरामद किया था।

📰✍️ बुलंदशहर में चार वर्षीय बालिका मान्या की हत्या के मामले में बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन ने लिया संज्ञान, पीड़ित परिवार से की मुलाकात; बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अंशु बंसल सहित सदस्य कुसुम शर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन इंचार्ज अभिषेक यादव और एएचटीयू प्रभारी संजीव कुमार ने परिवार से की मुलाकात, बाल संरक्षण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन।

📰✍️ जहांगीराबाद थाने का एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने किया औचक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्थाओं का लिया जायजा; थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, हवालात और अभिलेखों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी को जनशिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण, महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता, साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, वांछितों व वारंटियों की गिरफ्तारी तथा प्रभावी गश्त और चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

📰✍️ कार्तिक पूर्णिमा पर अनूपशहर, नरौरा और रामघाट जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्जन, 25 नवंबर रात 8 बजे तक लागू रहेगा प्लान; 23 नवंबर सुबह 8 बजे से लागू डायवर्जन के तहत अनूपशहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बुलंदशहर से अमरोहा, संभल और मुरादाबाद जाने वाले वाहन शिकारपुर, डिबाई और नरौरा होकर गुजरेंगे, जबकि अलीगढ़, दिल्ली, मेरठ और हापुड़ जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।


देश विदेश

📰✍️ मथुरा में खड़े ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं की कार, दो बच्चों और दो महिलाओं समेत चार की मौत, पांच घायल; हादसा सुबह करीब 8:30 बजे थाना जैत क्षेत्र में राम धर्म कांटा के पास हुआ। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से वृंदावन दर्शन के लिए आए श्रद्धालु बरसाना से रमणरेती जा रहे थे, तभी उनकी कार हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां रुद्र, कान्हा, रूबी और ज्योति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हैं।


News Editor: Dharmendra Mittal



शेयर करें: