26 अगस्त 2026: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

1.📰✍️ बुलंदशहर में पांच तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र बदले, सभी को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश; जिलाधिकारी कुमार हर्ष के आदेश पर सचिन कुमार को खुर्जा से तहसीलदार न्यायिक डिबाई, जतिन गोस्वामी को तहसीलदार खुर्जा, पल्लवी बानिया को तहसीलदार न्यायिक खुर्जा, आलोक कुमार को तहसीलदार न्यायिक सिकंदराबाद और दुष्यन्त कुमार को तहसीलदार न्यायिक सदर किया नियुक्त।

2.📰✍️ सिकंदराबाद के सिंघल स्वीट्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर कमियों पर नोटिस जारी; जांच के दौरान मिली कमियां दूर करने के लिए दुकान संचालक को आवश्यक दिए गए निर्देश, नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई।

3.📰✍️ बुलंदशहर के परिषदीय विद्यालयों में अव्यवस्था मिलने पर तय होगी जिम्मेदारी, डीएम ने दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश; जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने जिला अनुश्रवण समिति की बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, निशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, मिड-डे-मील, कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, शौचालय व पेयजल सुविधाओं की समीक्षा की। खंड शिक्षा अधिकारियों को कमियां तत्काल दूर कराने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भोजन उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।

4.📰✍️ सिटी क्षेत्र के गांव बहलीमपुरा में पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, गमछा बरामद;  25 अगस्त को अंगूरी देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्रवधू प्रीति ने उसके बेटे कृष्ण कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 26 अगस्त को प्रीति को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल गमछा बरामद किया। पूछताछ में प्रीति ने पति के शराब पीने को लेकर कहासुनी और मारपीट के बाद गमछे से गला दबाकर हत्या करने की बात की स्वीकार।

5.📰✍️ बुलंदशहर के भूड़ चौराहे से डग्गामार वाहन चलने का आरोप, स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच पर भी उठे सवाल; स्थानीय लोगों के अनुसार एआरटीओ कार्यालय से करीब 200 मीटर दूर वाहन अलीगढ़, गुलावठी, सिकंदराबाद और नोएडा के लिए सवारियां भर रहे हैं, जबकि निजी स्कूलों में चलने वाले वाहनों की नियमित फिटनेस जांच नहीं हो रही। यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए नियमित अभियान चलाकर कार्रवाई की मांग की गई।



बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज की साधारण बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा, रक्षाबंधन पर एक सहयात्री को भी सुविधा; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ शुरू की, साथ ही 27 अगस्त सुबह छह से 29 अगस्त रात 12 बजे तक सभी महिलाओं को एक सहयात्री सहित निशुल्क यात्रा मिलेगी। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, डीएम कुमार हर्ष, विधायक संजय शर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष, सीडीओ निशा ग्रेवाल, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

📰✍️ बुलंदशहर के महेश पार्क से आगे 11 केवी जर्जर लाइन बदलने को लेकर 3 घंटे बिजली बंद, कई इलाकों में सप्लाई प्रभावित; 27 अगस्त को सुबह 7 से 10 बजे तक पुरानी जेल अंसारी रोड बिजलीघर से अंसारी रोड फीडर की सप्लाई बंद रहेगी। इस दौरान ईदगाह रोड, साटा रोड, रोडवेज बस स्टैंड और आसपास के कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

📰✍️ बुलंदशहर को विकास कार्यों में प्रदेश में नौवां स्थान, सीएम डैशबोर्ड की 59 योजनाएं ए श्रेणी में शामिल; डीएम कुमार हर्ष की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में डीएसटीओ ने बताया कि डैशबोर्ड पर 85 फ्लैगशिप योजनाओं में जुलाई के दौरान पांच योजनाएं बी और एक-एक योजना सी व डी श्रेणी में रहीं, जबकि 19 की श्रेणी निर्धारित नहीं हुई। डीएम ने पिछड़े विभागों को कार्ययोजना बनाकर प्रगति सुधारने के निर्देश दिए।

📰✍️ बुगरासी के किरयावली गांव में थ्रेशर के पट्टे में दुपट्टा फंसने से युवती की मौत, मक्का निकालते समय हुआ हादसा; प्रेमचंद के घर पर चल रहे थ्रेशर के पट्टे में उनकी बेटी रवीना का दुपट्टा फंसने से गला दब गया, परिजन उसे बुगरासी ले गए जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

📰✍️ औरंगाबाद में ईद-ए-मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, कलाकारों ने दिखाए लाठी और लोहे के सरिये के करतब; पवसरा रोड स्थित बिलाल मस्जिद से सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सैयद हिमायत अली ने फीता काटकर जुलूस किया रवानाऐ, मेला संयोजक साजुद्दीन उर्फ भूरा मेवाती के नेतृत्व में निकले जुलूस का पुष्पवर्षा से स्वागत कर शर्बत व तबर्रुक बांटा गया। कुमार गौरव और कलाकारों ने आंख से लोहे का सरिया मोड़ने व 20 लाठियों के बीच से निकलने का प्रदर्शन किया, सीओ सिटी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था‌, अब्दुल्लाह कुरेशी सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद।

📰✍️ औरंगाबाद के बिजलीघर में बारिश से जलभराव, पानी भरे गड्ढे में बंदरों की छलांगों का वीडियो वायरल; रातभर हुई तेज बारिश के बाद परिसर के बड़े गड्ढे में पानी भर गया, बंदर छत और दीवारों से छलांग लगाकर तैरते व कलाबाजियां करते दिखाई दिए। राहगीरों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।

📰✍️ खुर्जा में त्रैमासिक सिलाई प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए गए प्रमाणपत्र; श्री भक्त हनुमान सेवा समिति ट्रस्ट अलीगढ़ शाखा के खुर्जा महिला प्रकोष्ठ का कार्यक्रम जिलाध्यक्ष एवं लेखिका रिंकी अग्रवाल ‘प्राची’ और नगर अध्यक्ष विनीता अग्रवाल ने आयोजित किया, अध्यक्षता संस्थापक व सचिव चंद्रमोहन मित्तल ने की। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. साधना अग्रवाल ‘साधिका’ ने मुख्य अतिथि नगर अध्यक्ष अंजना सिंघल का स्वागत किया, शारदा अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन, रिंकी अग्रवाल ने संचालन और विवेक शर्मा ने माल्यार्पण किया। चंचल मित्तल, स्वीटी, कामिनी, कमलेश गोयल, रेखा और मंजू मौजूद रहीं।



News Editor: Dharmendra Mittal



शेयर करें: