चारु का 40 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग: अफसरों पर कार्रवाई, स्कूल प्रबंधन पर केस, आखिर जिम्मेदार कौन?

चन्द्रभूषण मित्तल, पत्रकार

पूरा शहर बच्ची की सलामती की कर रहा है दुआ, दो दिन होने को आए हैं पर अभी तक मासूम का नहीं चल सका कोई पता।

बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश: मंगलवार शहर के साठा इलाके में भूतेश्वर मंदिर के पास स्थित सुशीला इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा चार की छात्रा चारु कश्यप स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही थी, बारिश से बचने के लिए नाले की पटिया पर खड़ी थी, तभी फिसलकर नाले में गिर गई, अभी तक उसका नहीं चल सका है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर पालिका और एनडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर बालिका की तलाश कर रही हैं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर अभियान की पल-पल मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

घटना के बाद लापरवाही के मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, डीएम कुमार हर्ष की रिपोर्ट पर शासन ने नगर पालिका के दो जेई और दो सफाई निरीक्षकों समेत चार अफसरों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप है, लेकिन घटना ने शहर की व्यवस्था और जिम्मेदारी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिर्फ अफसर ही जिम्मेदार क्यों?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नालों की सफाई न होने और बारिश में जलभराव के लिए सिर्फ अधिकारी ही जिम्मेदार हैं? निकायों की कमान संभाल रहे जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय क्यों नहीं होनी चाहिए? क्या उन्होंने बारिश से पहले अपने-अपने क्षेत्रों में नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया था? यदि नहीं किया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

शहर में विकास के नाम पर सड़कों और नालों का निर्माण लगातार कराया जा रहा है। इसके बावजूद मात्र डेढ़ घंटे की बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खुल जाती है। सड़क निर्माण हो, नाला निर्माण हो या कुटेशन के नाम पर कराए जाने वाले छोटे-बड़े कार्य—इनकी गुणवत्ता और मानकों की निष्पक्ष जांच बेहद जरुरी है।

CCTV footage

जांच हुई तो सामने आएगी असलियत
आम जनता की मांग है कि बुलंदशहर नगर पालिका क्षेत्र में पिछले एक वर्ष में कराए गए सड़क, नाला निर्माण और कुटेशन के माध्यम से हुए कार्यों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। यह भी देखा जाए कि कार्यों में निर्धारित मानकों का कितना पालन हुआ और भुगतान के सापेक्ष धरातल पर कितना काम हुआ। जनप्रतिनिधियों ने अपने पद का दायित्व ईमानदारी से निभाया या नहीं।


बुलंदशहर की रोजाना टॉप 5 खबरें पाने के लिए हमारा व्हाट्सअप ग्रुप ज्वाइन करे 👇


शेयर करें: