20 अप्रैल 2025: नए जमाने का ऑनलाइन अखबार

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

बुलंदशहर जिले की मुख्य खबरें

📰✍️उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी, 6 दिन तक लू से राहत।

➡️मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अभी छह दिनों तक लू से राहत रहने की संभावना है। वहीं राजस्थान गुजरात हरियाणा पंजाब सहित कई राज्यों में लू चल रही है जो लगातार जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवा से वातावरण में गर्माहट बढ़ रही है।

📰✍️सम्पूर्ण समाधान दिवस पर खुर्जा पहुंचे डीएम और एसएसपी, 28 में सिर्फ 2 का निस्तारण।

➡️ अप्रैल महीने के तीसरे शनिवार को खुर्जा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे। समाधान दिवस में 28 फरियादियों द्वारा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए जिसमे मौके पर 2 शिकायत का निस्तारण किया गया। एसएसपी ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए।

📰✍️सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर सिकंदराबाद तहसील में वृद्ध फरियादी की फरियाद सुनने कुर्सी छोड़कर खुद फरियादी के पास पहुंचे एसडीएम।

➡️ सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियाद लेकर पहुंची थी 90 वर्षीय अंगूरी, ज़मीन पर कब्जे के एक मामले में परिवार के खिलाफ बेटे के साथ तहसील पहुंची थीं अंगूरी। 90 वर्षीय वृद्ध को देख एसडीएम संतोष जगराम खुद उठकर फरियाद सुनने पहुंचे फरियादी के पास पहुंचे।

📰✍️डीएम ने किया टीएचडीसी का निरीक्षण।

➡️ जिलाधिकारी ने खुर्जा उच्च ताप विद्युत परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने परियोजना क्षेत्र का भ्रमण करते हुए चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कंट्रोल रूम, बॉयलर, स्विचयार्ड एरिया और प्लांट से उत्पादित होने वाली विद्युत की आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक बी. के. साहू उपस्थित रहे।

📰✍️बुलंदशहर की ट्रैफ़िक पुलिस के एसआई का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

➡️ सिटी के काला आम चौराहे पर तैनात दरोग़ा ग़रीब ई रिक्शा चालक को रोक कर उससे 450 रुपए की रिश्वत लेते साफ़ वीडियो में नज़र आ रहे हैं। किसी ई रिक्शा सवार मुसाफ़िर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेज़ी से वायरल हो रही है

📰✍️पशुओं के लिए पंखा चला रहे युवक की करंट लगने से मौत।

➡️ डिबाई में दौलतपुर चौकी के दानपुर गांव में पशुओं के बाड़े में पंखा चलाते समय करंट लगने से युवक जीतू की मौत हो गई। जीतू को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जीतू पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार का सहारा था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। गांव वालों के अनुसार जीतू मेहनती युवक था। वह अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी अचानक मौत से गांव में शोक है।

📰✍️भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला।

➡️ नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेताओं के पुतले दहन कर विरोध जताया। डीएवी फ्लाईओवर के नीचे भाजयुमो के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस अवसर पर जिला मंत्री रजत सिंह, मंडल अध्यक्ष आकाश पंडित, जितेन्द्र राणा, प्रशान्त ठाकुर, सूर्या शर्मा, प्रतीक शर्मा, अंकित चौधरी, मनीष कपासिया आदि उपस्थित रहे।

📰✍️अगौता थाना क्षेत्र के गांव पवसरा में अज्ञात अधेड़ युवक का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी।

➡️अगौता थाना क्षेत्र के गांव पवसरा निवासी किसान पीयूष पुत्र सुनील के खेत में आज अज्ञात अधेड़ युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव को देखने के लिये ग्रामीणों का तांता लग गया। खेत में शव पड़ा मिलने की सूचना किसान पीयूष ने अगौता पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची अगौता पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पीएम हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार बताया गया है कि मृतक मंद बुद्धि का व्यक्ति था। वह पिछले दिनों से पवसरा और गढ़िया चौराहे पर घूमता चला आ रहा था। उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था वह कच्छा पहनकर ही घूमता रहता था।


This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg

उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें

📰✍️बेटे की अस्थियां गंगा में विसर्जित करने जा रहे मां पिता सहित चार लोगों की सड़क हादसे में मौत।

➡️इंजीनियर बेटे की अस्थियां गंगा में विसर्जित करने प्रयागराज जा रहे मां, पिता और जीजा समेत चार लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी और भतीजे की हालत गंभीर है। बताते हैं कि तेज रफ्तार कार खड़े डम्फर से टकराई । कार सवार झांसी के रहने वाले थे। उनका बेटा 12 अप्रैल को मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में डूब गया था। 5 दिन बाद 17 अप्रैल को उसका शव मिला। कल उसका अंतिम संस्कार किया गया। हादसा सुबह कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सुजानीपुर मोड़ के पास हुआ। झांसी के रहने वाले रामकुमार भार्गव रेलवे से रिटायर हुए थे। उनका छोटा बेटा आदित्य भार्गव पत्नी चारु के साथ नोएडा में रहता था। दोनों नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। आदित्य और  चारू सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। दोनों की शादी तीन साल पहले हुई थी।

📰✍️मेरठ में सुबह टहलने निकली महिलाओं से बदमाशों ने छीने कुंडल।

➡️ सरधना कोतवाली क्षेत्र में आज सुबह दबथुआ गढ़ी गांव की रहने वाली तीन महिलाएं बबली, मीनाक्षी और सोनी टहलने के लिए निकली थीं तभी नकाबपोश बदमाशों ने उनसे कानों के कुंडल छीन लिए। बताते हैं कि भलसोना के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाश आए उन्होंने महिलाओं के सोने के कुंडल छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की। इस दौरान बबली का कान कट गया और वह घायल हो गईं। लूटपाट के बाद बदमाश फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सरधना संजय जायसवाल ने बताया मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

📰✍️मथुरा में शादी के पोने दो माह बाद महिला कांस्टेबल ने फांसी लगाकर जान दी।

➡️ शादी के पौने दो महीने बाद महिला कांस्टेबल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को वह घर लौटी थी। नोएडा में एसएसएफ मेट्रो में कांस्टेबल पद पर तैनात पति भी शाम को घर आए थे। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद महिला कांस्टेबल ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। अलीगढ़ के गांव ढाँटोली की रहने वाली वंदना पुलिस की 2018 बैच की कांस्टेबल थी। वह बिजनौर के एसएसपी कार्यालय में तैनात थी। 23 फरवरी 2025 को शादी नौहझील क्षेत्र के गांव अरनदागढ़ी निवासी अरविंद के साथ हुई थी। अरविंद नोएडा में एसएसएफ मेट्रो में कांस्टेबल है। शाम वंदना गांव पहुंची । रात में पति अरविंद घर पहुंचे। दोनों में किसी बात पर झगड़ा हुआ। इसके बाद देर रात वंदना ने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने फंदे पर लटका देखा तो होश उड़ गए। पुलिस को सूचना दी गई। नौहझील थाना प्रभारी रवि त्यागी ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है।


देश विदेश की बड़ी खबरें

📰✍️खराब मौसम में भी नहीं रुक रहे श्रद्धालुओं के कदम, वैष्णो देवी के भक्तों में गजब का जुनून।

➡️ वर्तमान में मौसम सुहावना होने के साथ ही मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी है। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है फिर भी श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

📰✍️कानून यदि सुप्रीम कोर्ट ही बनाएगा तो संसद भवन बंद कर देना चाहिए’, निशिकांत दुबे ने क्यों कही ये बात?

➡️ वक्फ संशोधन कानून का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। शीर्ष अदालत ने केंद्र सरकार से सात दिनों में जवाब मांगा है। इस बीच झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कानून यदि सुप्रीम कोर्ट ही बनाएगा तो संसद भवन बंद कर देना चाहिए।



जिला बुलंदशहर और आसपास की हर ब्रेकिंग न्यूज़ को व्हाट्सएप पर पाए, नीचे इमेज पर क्लिक करके  व्हाट्सएप ग्रुप जॉइन करें।

This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg
शेयर करें: