नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी ने 9 जून की शाम को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर हैट्रिक लगा दी। पीएम मोदी के साथ उनकी कैबिनेट के 30 कैबिनेट मंत्री, 36 राज्य मंत्री और 5 स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। जिस तरह नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने की हैट्रिक पूरी की है, उसी तरह मोदी 3.0 के साथ मोदी कैबिनेट में पांच ऐसे बड़े मंत्री शामिल है, जिन्हें लगातार तीसरी बार मोदी सरकार में मंत्री बनने का मौका मिला है और हैट्रिक लगाई है।
News Editor: Dharmendra Mittal
1. राजनाथ सिंह (Rajnath Singh)
इस लिस्ट में पहला नाम है राजनाथ सिंह का, जिन्हें मोदी कैबिनेट में लगातार तीसरी बार जगह मिली है। साल 2014 में पहली बार जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो राजनाथ सिंह गृहमंत्री बनाए गए थे। इसके बाद 2019 में नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में उन्हें रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई थी। अब राजनाथ सिंह तीसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं और मोदी 3.0 में उन्हें फिर से रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
2. नितिन गडकरी (Nitin Gadkari)
मोदी सरकार में हैट्रिक लगाने वाले मंत्रियों की लिस्ट में दूसरा नाम नितिन गडकरी का आता है, जिन्हें मोदी मंत्रालय में तीसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। 2014 में पहली बार नितिन गडकरी को मोदी कैबिनेट में सड़क परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद 2019 में भी गडकरी के पास यही मंत्रालय रहा। अब नितिन गडकरी तीसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं और मोदी 3.0 में उन्हें फिर से सड़क परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। यह कहना गलत नहीं होगा की नितिन गडकरी के नेतृत्व में पिछले कुछ सालों में भारत की सड़कों में बहुत बदलाव आया है और उनके द्वारा किया गया काम सराहनीय है।
3. किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju)
मोदी कैबिनेट की लिस्ट में तीसरा नाम नॉर्थ ईस्ट से आने वाले बीजेपी के बड़े नेता किरेन रिजिजू का है, जिन्हें लगातार तीसरी बार मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। नॉर्थ ईस्ट से आने वाले किरेन रिजिजू मोदी के अहम मंत्रियों की लिस्ट में शामिल है। साल 2014 में मंत्री बनने के बाद किरेन रिरिजू को गृह राज्य मंत्री बनाया गया था। 2019 में अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री और युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। इसके बाद 2021 में कानून मंत्री बनाए गए और मई 2023 तक इस पद पर काम किया। अब मोदी 3.0 में उन्हें संसदीय कार्य मंत्रालय और अल्पसंख्यक मंत्रालय सौंपा गया है।
4. निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman)
निर्मला सीतारमण भी लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी की सरकार में मंत्री के तौर पर जगह बनाने में कामयाब रही हैं। 2014 में निर्मला सीतारमण को मोदी कैबिनेट में जगह मिली तो इन्हें वाणिज्य और उद्योग मंत्री बनाया गया। इसके बाद 2017 में इन्हें रक्षा मंत्री बनाया गया। 2019 में निर्मला सीतारमण को मंत्रालय में जगह मिली तो उन्हें वित्त मंत्री बनाया गया। अब मोदी 3.0 में निर्मला सीतारमण को फिर से वित्त मंत्री बनाया गया है।
5. पीयूष गोयल (Piyush Goyal)
पीयूष गोयल का नाम भी मोदी कैबिनेट के मंत्रियों की हैट्रिक बनाने की लिस्ट में शामिल है। पीयूष गोयल अब तक राज्यसभा के सदस्य रहे और 2024 में पहली बार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे है। 2014 में पहली बार मंत्री बनने पर पीयूष गोयल को कोयला मंत्री और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। 2016 में उन्हें खान मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) की भी जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद 2018 में पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा उन्होंने रेल मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 2019 में पीयूष गोयल को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री बनाया गया और बाद में उन्हें उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण के अलावा कपड़ा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी दी गई। मोदी 3.0 में पीयूष गोयल को एक बार फिर से वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय सौंपा गया है।
ये खबर भी पढ़े।