30 अक्टूबर 2026: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

📰✍️ यूपी में दीपावली पर पटाखों की दुकानों के लिए नए सुरक्षा नियम लागू, एक क्लस्टर में अधिकतम 50 दुकानें और कम से कम दो फायर टेंडर अनिवार्य, शासन ने सभी जिलाधिकारियों को जारी किए निर्देश; प्रत्येक क्लस्टर में प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस और स्टाफ सहित न्यूनतम दो फायर टेंडर रखने होंगे उपलब्ध। आबादी, बाजार, स्कूल, कॉलेज, रेलवे लाइन और हाईटेंशन विद्युत लाइनों से कम से कम 50 मीटर दूर बनाए जाएंगे दुकानों के क्लस्टर, दुकानों के बीच तीन मीटर की दूरी और आमने-सामने दुकानें लगाने पर रहेगा प्रतिबंध। प्रत्येक जिले में एडीएम की अध्यक्षता में एसडीएम, सीओ और अग्निशमन अधिकारियों की समिति की जाएगी गठित।

1.📰✍️ पीसीएस राज बहादुर बुलंदशहर के नए एडीएम न्यायिक, यूपी में 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले; एडीएम न्यायिक भरत राम यादव के निधन से रिक्त हुए पद पर शासन ने हाथरस में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात पीसीएस राज बहादुर की एडीएम न्यायिक बुलंदशहर के पद पर की है नियुक्ति।

2.📰✍️ बुलंदशहर में बेमौसम बारिश और ठंडी हवाओं से बढ़ी ठंड, किसानों की फसलों पर मंडराया नुकसान का खतरा; जिला मुख्यालय समेत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कल सुबह से बारिश जारी रहने से तापमान में आई गिरावट, कई जगह सड़कों पर पानी भरने से जनजीवन प्रभावित। वहीं, बारिश की वजह से खेतों में खड़ी और कटाई के इंतजार में रखी फसलों के खराब होने की आशंका से किसान चिंतित।

3.📰✍️ छतारी में देर रात 2 मंजिला मकान ढहने से चाचा-भतीजे की मौत, बुजुर्ग महिला गंभीर घायल, तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से निकाले गए तीनों; देर रात हुए हादसे के समय छतारी निवासी मजदूर राजेश अपनी मां चंद्रकला और भतीजे सचिन के साथ घर में सो रहे थे, अचानक मकान ढहने से तीनों मलबे में दब गए। हादसे में राजेश और उसके भतीजे की हो गई मौत, बुजुर्ग महिला चंद्रकला का उपचार जारी है। सूचना पर मौके पर पहुंचे एडीएम वित्त अभिषेक सिंह व एसपी देहात अंतरिक्ष जैन सहित सीओ, एसडीएम और कई थानों की पुलिस।

4.📰✍️ बुलंदशहर में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई यूपी पीईटी परीक्षा, 27 केंद्रों पर दो पालियों में 13,704 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा; पहले दिन दोनों पालियों में कुल 24 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत थे। नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन नीतीश कुमार सिंह के अनुसार केंद्रों को तीन जोन में बांटा गया था, जहां सघन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। परीक्षा के चलते सभी बोर्ड के स्कूलों में शैक्षणिक कार्य स्थगित रहा।

5.📰✍️ अहमदगढ़ क्षेत्र में ऑटो खाई में पलटने से दो महिलाओं की मौत, एक घायल; गांव ताल बिबियाना के निकट देर शाम हुए हादसे में ऑटो सवार ज्योति, रीना और खुशी घायल हो गईं, जिन्हें पुलिस ने अनूपशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां देर रात रीना ने दम तोड़ दिया और गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर ज्योति की भी उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि खुशी का उपचार जारी है। मृतका ज्योति के चाचा राकेश की तहरीर पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ चोला क्षेत्र में गलत दिशा से आ रही कार की टक्कर से 28 वर्षीय बाइक सवार की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम; ककोड़ रोड स्थित फ्लाईओवर के पास हुए हादसे में अंकित की जान चली गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए, वहीं मृतक के पिता राजू की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू कर दी है जांच।

📰✍️ बुलंदशहर में लघु उद्योग भारती का MSME जागरूकता सम्मेलन एवं दीपावली मिलन, मेरठ रोड स्थित शांतिदीप रिसॉर्ट में आज शाम आयोजित हुआ कार्यक्रम; BIS नोएडा के वरिष्ठ निदेशक कौशिक दत्ता और सहायक निदेशक श्याम सुंदर घोषाल उद्यमियों को पंजीकरण, वित्तीय व तकनीकी सहायता और मार्केटिंग की दी जानकारी। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव राजीव कुमार सहित पदाधिकारी रहे मौजूद।

📰✍️ स्याना में दूध के कैंटर ने बाइक सवार को कुचला, 10 फीट तक घसीटने से युवक की मौके पर मौत; गढ़-बुलंदशहर स्टेट हाईवे पर सुबह करीब 10:30 बजे हुए हादसे में गांव ढलना थाना नरसेना निवासी प्रशांत की चली गई जान, अपने मौसेरे भाई के परिवार में हुई मौत की सूचना पर जा रहे थे गिरौरा गांव। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कब्जे में लिया कैंटर, चालक फरार।

📰✍️ रैनेसा स्कूल में नौवें दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, 14 विद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा; शुरुआती मुकाबलों में रैनेसा स्कूल ने मॉडर्न पब्लिक स्कूल और सेंट गिरी स्कूल को, सेंट आरजे स्कूल ने सेंट गिरी स्कूल को, मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने सेंट आरजे स्कूल को दी मात, जबकि सनराइज ग्लोबल स्कूल, बीके पब्लिक स्कूल, बाबू बोधराज स्कूल और संतोष इंटरनेशनल स्कूल ने भी दर्ज की जीत। मुख्य प्रशासक डॉ. अभिराग शर्मा ने कहा खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होती है विकसित।

📰✍️ औरंगाबाद में राज्य कर विभाग ने ब्याज माफी योजना को लेकर व्यापारियों के साथ की कार्यशाला, जीएसटी समस्याओं पर हुई चर्चा; गौरव अग्रवाल एडवोकेट के कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला में असिस्टेंट कमिश्नर राम सिंह यादव और वाणिज्य कर अधिकारी प्रवीण श्रीवास्तव ने व्यापारियों को सरकार की ब्याज माफी योजना की जानकारी दी, इस दौरान व्यापारियों ने योजना का लाभ लिया और जीएसटी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में देवेंद्र अग्रवाल, ललित अग्रवाल, दीपक गुप्ता, गौरव अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, हेमंत गुप्ता, अंकुर गुप्ता, नीरज अग्रवाल, गौरव गोयल, जुगल किशोर, योगेश अग्रवाल और पुनीत अग्रवाल सहित व्यापारी मौजूद रहे।


News Editor: Dharmendra Mittal



शेयर करें: