29 अक्टूबर 2026: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

1.📰✍️ बुलंदशहर सहित पूरे देश में श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा करवाचौथ का पर्व, सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु के लिए रखा व्रत, चांद निकलने का बेसब्री से इंतजार कर रही व्रती महिलाएं; आज सुबह बारिश होने से आसमान में बादलों ने बना रखा है घेरा, खबर लिखे जाने तक रात करीब 9 बजे तक शहर में चांद का नहीं हुआ दीदार। इससे पहले बीते कल शहर के बाजारों और ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की उमड़ी भीड़, पैर रखने तक को नहीं थी जगह।

2.📰✍️ बुलंदशहर में 30 अक्टूबर को सभी श्रेणी के स्कूल-कॉलेजों में शैक्षणिक अवकाश घोषित, PET-2026 परीक्षा के चलते लिया गया निर्णय; बीएसए और डीआईओएस ने शुक्रवार देर रात जारी किया आदेश, हालांकि परीक्षा में ड्यूटी पर तैनात शिक्षक और कर्मचारी निभाएंगे निर्धारित दायित्व, जबकि अन्य विद्यालय से संबंधित कार्यों का करेंगे निष्पादन।

3.📰✍️ बुलंदशहर और खुर्जा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई-डेयरी उत्पादों के नौ नमूने भरे; सहायक आयुक्त ममता चौधरी के अनुसार बुलंदशहर के हरि कैटरर्स स्वीट्स से खोया, केसर पेड़ा और छेना निर्मित चमचम, पाल स्वीट्स से संदेश मिठाई तथा पाल डेयरी से पनीर का लिया गया नमूना। वहीं, खुर्जा के डाबर स्थित एलके डेयरी एंड मिल्क प्रोडक्ट की निर्माण इकाई से पनीर, घी, क्रीम और स्किम्ड मिल्क पाउडर के चार नमूने लिए गए, सभी नौ नमूने जांच के लिए भेजे गए प्रयोगशाला।

4.📰✍️ छह कुंटल एल्युमिनियम तार के साथ बिजली तार चोरी करने वाले आठ आरोपियों को ककोड़ पुलिस व स्वाट टीम ने जेवर रोड से किया गिरफ्तार, दो तमंचे, तीन तार कटर और वाहन भी बरामद; अमरोहा, बुलंदशहर, दिल्ली, बिजनौर और कानपुर देहात के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी, 19 सितंबर को नरसैना और 20 सितंबर को चंदियान रोड से बिजली के खंभों के चोरी किए थे तार, अन्य जिलों में भी तार चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है, ककोड़ थाने में मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेजने की तैयारी कर रही पुलिस।

5.📰✍️ सिकंदराबाद में सुनील की हत्या का खुलासा, शराब पीने के दौरान विवाद में गमछे से गला दबाकर की थी हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार; 21 अक्टूबर की घटना, मृतक की बहन की तहरीर पर 26 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मुकदमा, मामले में पुलिस ने गोपालपुर कट के पास से सिकंदराबाद निवासी मोनू और हापुड़ निवासी सोनू को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त गमछा किया बरामद। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बस में तीनों के शराब पीने के दौरान विवाद होने पर उन्होंने गमछे से सुनील का गला दबाकर कर दी थी हत्या।



बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️ गुलावठी में महिलाओं पर फब्तियां कसकर वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने लिया एक्शन; वायरल वीडियो में युवक आती-जाती महिलाओं पर फब्तियां कसता दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मौहल्ला पीरखां निवासी शाहरुख को गिरफ्तार किया।

📰✍️ शहर के कृष्णा नगर बाजार में धनतेरस और दीपावली पर होगी रंग-बिरंगी रोशनी, व्यापार मंडल ने नगरवासियों को दिया आमंत्रण; कृष्णा नगर उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में लिया गया निर्णय। इस दौरान अनुराग अग्रवाल, तरुण, दीप, दलबीर सिंह, चेतन अग्रवाल, मोहित गोयल, अमित फौजी, संजीव अग्रवाल, विनय गुप्ता, नितिन अग्रवाल, तुषार गुप्ता और आशीष गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

📰✍️ बुलंदशहर की आराध्या तेवतिया का यूपी की अंडर-16 बास्केटबॉल टीम में चयन, पुणे में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व; रैनेसा स्कूल की छात्रा आराध्या 3 नवंबर तक आयोजित 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 में हिस्सा लेंगी। विद्यालय के मुख्य प्रशासक डॉ. अभिराग शर्मा ने बधाई देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई, जबकि वरिष्ठ प्रशासक विश्वास एवं शिवम मोहन शर्मा और प्रशासक वरुण कौशिक ने उनकी सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

📰✍️ डीएम कुमार हर्ष ने ईवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण, सीसीटीवी कैमरों की जांच की; जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ तहसील सदर परिसर स्थित ईवीएम वेयर हाउस का बाहरी निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के क्रियाशील होने की जांच की। इस दौरान एसडीएम सदर अंगद यादव भी मौजूद रहे।

📰✍️ स्याना के बिगराऊं गांव के पास टाटा मैजिक और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, किशोर घायल; पट्टी डहर स्थित नूरी का तकिया निवासी हसन और शिवा सुबह बाइक से खानपुर जा रहे थे, तभी हादसे में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हसन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल किशोर का उपचार कराया गया; पुलिस ने टाटा मैजिक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।

📰✍️ खुर्जा के कस्तूरबा विद्यालय में मेहंदी प्रतियोगिता, अल्फिया और खुशी संयुक्त रूप से प्रथम, नायरा दूसरे स्थान पर; करवा चौथ के अवसर पर मधुमंजरी फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाध्यापिका रिचा शर्मा ने रिबन काटकर किया, जिसमें करीब 35 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। फाउंडेशन अध्यक्ष डॉ. रिंकी अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अंचल की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाकर उनका हुनर निखारना संस्था का उद्देश्य है, विजेताओं को स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

📰✍️ बुलंदशहर के आवास विकास प्रथम में सेवा भारती ने मनाई भगिनी निवेदिता की 159वीं जयंती; गीता बंसल के निवास पर मातृ मंडल सेवा भारती की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश उपाध्याय ने की, जबकि मुख्य वक्ता डॉ. ममता यादव रहीं। सतीश उपाध्याय ने कहा कि भगिनी निवेदिता ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। कार्यक्रम में पीतांबर शर्मा, पंकज चौधरी, आलोक, विवेक, अरुण, वीरेंद्र, शोभा, आशू, सरिता, रमा अग्रवाल, अरुणिमा, दिव्याश्री, लक्ष्मी, गुनगुन, अंशिका और विशाखा सहित अन्य मौजूद रहे।


देश विदेश

📰✍️ लखनऊ में विधान परिषद चुनाव में भाजपा को भीतरघात का झटका, 11 सीटों में छह पर जीत, सपा की सीटें बढ़ने से बढ़ी चुनौती; भाजपा ने छह सीटों पर देर से घोषित किए प्रत्याशी, इनमें से चार को मिली हार, जबकि पहले घोषित पांच प्रत्याशियों में से चार ने दर्ज की जीत। गोरखपुर से आगरा तक कई सीटों पर भीतरघात को खराब प्रदर्शन की वजह माना जा रहा है, नतीजों के बाद आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति, टिकट वितरण और संगठनात्मक समन्वय पर दोबारा विचार करने की जरूरत बढ़ी।


News Editor: Dharmendra Mittal



शेयर करें: