11 मार्च 2026: बुलंदशहर जिले में आज की 5 मुख्य खबरें

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

बुलंदशहर जिले की 5 मुख्य खबरें

1.📰✍️बुलंदशहर में गैस, पेट्रोल व डीजल की नहीं है कमी, एडीएम अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक में अधिकारियों का दावा।

➡️ एडीएम वित्त अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में पेट्रोलियम कंपनियों के विक्रय अधिकारियों, गैस वितरकों व पेट्रोल पंप संचालकों के साथ हुई बैठक में घरेलू गैस, पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता व वितरण की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में 10,35,081 गैस कनेक्शनों के लिए एलपीजी की नियमित आपूर्ति हो रही है और कहीं भी कमी नहीं है, गैस एजेंसियों को प्रतिदिन स्टॉक प्रदर्शित करने, हेल्पडेस्क बनाने, शतप्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा बिना बुकिंग गैस वितरण, ओवरचार्जिंग व व्यावसायिक उपयोग पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए, वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद के 186 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

Ad- Ojas Eye Care

2.📰✍️खुर्जा नगर के मोहल्ला शेखपेन में हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दबंगों ने हिरासत से छुड़ाया।

➡️क्षेत्र के मोहल्ला शेखपेन में हिस्ट्रीशीटर हाजी कासिम को एनबीडब्ल्यू के आधार पर गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर दबंगों ने हमला कर हाथापाई की और उसे हिरासत से छुड़ा लिया। बताया गया कि हाजी कासिम पर गौकशी, लूट, हत्या व डकैती समेत करीब चार दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, घटना के बाद पुलिस ने कासिम समेत 12 नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

3.📰✍️छतारी में शिक्षामित्र के बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर व 15 हजार नगद चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।

➡️क्षेत्र के गांव धौरऊ निवासी शिक्षामित्र गंगाराम के बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अलमारी में रखी सोने की चेन, एक तोला सोने की अंगूठी, करीब सवा दो सौ ग्राम चांदी, 10 तोला चांदी की पाजेब और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना उस समय हुई जब गंगाराम बहलोलपुर इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी विद्यालय व बेटी परीक्षा देने गई थी, पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4.📰✍️बेटे के इंतजार में दो दिन स्टेशन पर बैठी रही 80 वर्षीय मां, आरपीएफ ने भोजन कराकर वृद्धाश्रम पहुंचाया।

➡️खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के वैर रेलवे स्टेशन पर बदायूं निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग रुपवती दो दिन तक बेटे के लौटने के इंतजार में भूखी-प्यासी प्लेटफॉर्म पर बैठी रहीं। सूचना मिलने पर आरपीएफ चौकी प्रभारी नंदलाल मीणा के निर्देशन में कांस्टेबल नवनीत कुमार व रामेंद्र सिंह ने महिला को भोजन-पानी कराया और पूछताछ के बाद उन्हें जहांगीराबाद वृद्धाश्रम सुरक्षित पहुंचा दिया।

5.📰✍️गुलावठी में सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग से युवक घायल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की कार्रवाई।

➡️ क्षेत्र में 10 मार्च की रात सगाई समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फायरिंग करने वाले व असलहा धारक की पहचान कर ली, घायल को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है, मामले में थाना गुलावठी में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।


This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg

बुलंदशहर की अन्य खबरें

📰✍️जहांगीराबाद में सर्राफा कारोबारी से चार तोले सोने की चेन लूटी, बाइक सवार बदमाश वारदात कर फरार; क्षेत्र में ऊंचागांव निवासी सर्राफ हरसुख लाल वर्मा से अमरगढ़ चौकी क्षेत्र के बुध पैठ से करीब 200 मीटर दूर रजवाहे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोककर गले से करीब चार तोले सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाश शुरू की लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा, घटना से व्यापारियों व ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

📰✍️“प्रगति–आत्म सम्मान से समानता तक” कार्यक्रम में बुलंदशहर की छात्राएं व अधिकारी सम्मानित, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह रहे मुख्य अतिथी; दयाल गेटवे में आयोजित कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महानिदेशक शिक्षा मोनिका रानी, अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, यूनिसेफ प्रमुख जैकारी एडम, एससीईआरटी निदेशक गणेश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने वाली छात्राएं प्राची, प्रियांशी, सोनी, तमन्ना तथा मेरठ मंडल से कशिश, रजिया, असरीबा, मन को सम्मानित किया गया, वहीं बालिका शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए ऋचा राणा और जनपद नोडल चिंतन चौधरी को राज्य स्तर पर सम्मान मिला, बीएसए लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कोच हरकेश सिंह सहित टीम का अहम योगदान रहा।

📰✍️अयोध्या प्रीमियर लीग में बुलंदशहर के प्रियांशु राणा व विपिन कुमार का चयन, SNS क्रिकेट अकादमी में खुशी; बुलंदशहर की SNS क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी नहर कॉलोनी निवासी प्रियांशु राणा और गांव कलमपुर निवासी विपिन कुमार का चयन अयोध्या प्रीमियर लीग के लिए हुआ है। प्रियांशु राणा गंगा वारियर और विपिन कुमार चंबल चार्जर्स टीम से खेलेंगे, कोच संदीप शर्मा ने बताया दोनों खिलाड़ी पिछले पांच वर्षों से अभ्यास कर रहे हैं और बल्लेबाज हैं, चयन पर कोच संदीप शर्मा, लक्ष्मी रानी व रिंकू चंद्र एडवोकेट ने खुशी जताई।

📰✍️बुलंदशहर में वन टाइम टैक्स योजना लागू, 667 वाहनों से 165.42 लाख बकाया कर वसूला; परिवहन विभाग ने शासन की अधिसूचना के तहत मोटरयान कराधान अधिनियम-1997 में संशोधन कर दोपहिया व्यावसायिक वाहन, तिपहिया मोटर कैब, मैक्सी कैब, माल वाहन व सार्वजनिक सेवा वाहनों के लिए वन टाइम टैक्स प्रणाली लागू की है। विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में बकाया कर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 667 वाहनों को निरुद्ध कर 165.42 लाख रुपये की वसूली की गई है, साथ ही अनाधिकृत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भी अभियान चल रहा है और वाहन स्वामियों से बकाया कर जमा कराने की अपील की गई है।


देश विदेश की बड़ी खबरें

📰✍️भ्रष्टाचार पर योगी सरकार सख्त, अमेठी व हरदोई के दो जिला समाज कल्याण अधिकारी सेवा से बर्खास्त; लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग के अमेठी के तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार शुक्ला और हरदोई के तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार को भ्रष्टाचार, घूसखोरी और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सिद्ध होने पर सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है।


News Editor: Dharmendra Mittal


जिला बुलंदशहर और आसपास की हर ब्रेकिंग न्यूज़ को व्हाट्सएप पर पाए, नीचे इमेज पर क्लिक करके  व्हाट्सएप ग्रुप जॉइन करें।

This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg

शेयर करें: