चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार
बुलंदशहर जिले की मुख्य खबरें

📰✍️बुलंदशहर में बारिश से मोहल्ले जलमग्न, लोग परेशान, जनप्रतिनिधि नदारत! एडीएम बोले—नालों की सफाई की होगी जांच।

➡️बुलंदशहर में शनिवार को अचानक हुई आधे घंटे की तेज बारिश ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं की खोली पोल, शहरी मोहल्लों में दो फीट तक भरा पानी। लोगों का आरोप- सिर्फ कागजों में हुई नालों की सफाई और पार्षद तक हालात से हैं बेपरवाह। एडीएम प्रशासन प्रमोद पांडेय ने जलभराव की शिकायतों पर गंभीर रुख अपनाते हुए कहा कि जल्द ही नालों की सफाई को लेकर कराई जाएगी जांच। हालांकि बारिश ने उमस से जनता को दी है राहत, बच्चों ने इसका लिया आनंद, मगर नगर व्यवस्था पर फिर खड़े हो गए हैं सवाल।

📰✍️ कार में महिला के साथ अर्धनग्न अवस्था में रंगरेलियां मनाता पकड़ा गया बीजेपी में अनुसूचित जाति मोर्चा का ज़िला मंत्री राहुल वाल्मीकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल।
➡️शिकारपुर के गांव कैलावन में स्थित शमशान घाट में महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में लोगों ने पकड़ा, इसके बाद दोनों की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर कर दी वायरल, वीडियो में रिकॉर्डिंग न करने के लिए गिड़गिड़ाते हुए पांव छूने की बात का रहा है युवक, मामला तूल पकड़ने के बाद जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने पार्टी से किया निष्कासित।

📰✍️ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया की अगुवाई में 48 करोड़ की सड़क-नाली-लाइट योजनाओं का आगाज, सांसद-विधायक रहे मौजूद।

➡️भाजपा नेता संजय गुर्जर ने किया कार्यक्रम का संचालन, योजनाओं में ग्रामीण और शहरी गली-मोहल्लों में सड़क, नाली, खरंजा, सीसी रोड और स्ट्रीट लाइट निर्माण है शामिल। डॉ. तेवतिया ने कहा – शासन की गाइडलाइन के अनुसार होंगे सभी कार्य, पारदर्शिता व गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर।समारोह में सांसद भोला सिंह, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, अनिल शर्मा, संजय शर्मा और स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी सहित अधिकांश सदस्य मौजूद रहे।



📰✍️पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी शुरू! ADM समेत अन्य अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, 15 जनवरी तक वोटर लिस्ट होगी फाइनल।
➡️वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के लिए ADM व SDM समेत अफसर नियुक्त। ADM मुख्य रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, SDM, तहसीलदार व BDO को मिले जिम्मेदार कार्य। जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में सम्पन्न होगा नामावली अद्यतन कार्य।पारदर्शी प्रक्रिया के तहत अब हर विकासखंड और तहसील स्तर पर नामावली होगी अपडेट।
➡️18 जुलाई से 13 अगस्त तक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे बीएलओ, 14 अगस्त से लिए जाएंगे ऑनलाइन आवेदन, 6 दिसंबर तक मांगी जाएंगी आपत्तियाँ, 15 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची, अवकाशों में भी दफ्तर खुले रहेंगे, समय सीमा नहीं बढ़ेगी। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति के निर्देश पर जिलेभर में नोटिस बोर्डों, समाचार पत्रों और ग्रामों में ढोल पिटवा कर किया जाएगा प्रचार।

📰✍️ समाधान दिवस पर चोला पहुंचे डीएम और एसएसपी, फरियादियों की सुनी फरियादें।

➡️ जिलाधिकारी श्रुति व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह द्वारा थाना चोला में आयोजित थाना समाधान दिवस में प्रतिभाग करते हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना एवं कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। शेष शिकायतों का निस्तारण करने हेतु निर्देश दिये। इस अवसर पर थाना प्रभारी चोला विजय कुमार मौजूद रहे।

📰✍️ कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही बुलंदशहर पुलिस, कावड़ मार्गो पर 200 फैंटम और पीआरवी तैनात।

➡️एएसपी ऋजुल ने कांवड़ फैंटम पर बैठ कांवड़ मार्गो का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था का किया आंकलन। फैंटम टीम को भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की सौंपी गई है जिम्मेदारी। एएसपी ने दौरे के दौरान पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के साथ साथ कांवड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश।।

📰✍️मानसून ने पकड़ी रफ्तार; आज से एनसीआर में जमकर बरसेंगे बादल, मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 13 जुलाई से पूरे सप्ताह तक गरज चमक के साथ रुक-रुककर जारी रहेंगी बारिश।


📰✍️ हत्या के प्रयास में जेल में बंद पूर्व विधायक हाजी अलीम के बेटे अनस को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत, कोतवाली देहात क्षेत्र में दर्ज है मुकदमा।
➡️ अनस पर रालोद नेता हाजी यूनुस ने भाईपुर गांव के पास उनके काफिले पर स्वचालित हथियारों से हमला करने का लगाया था आरोप, जिसमें एक व्यक्ति की हो गई थी मौत, पांच लोग हुए थे घायल। अनस काफी समय से जेल में बंद है और उसने हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी। याची के अधिवक्ताओं ने दलील दी यह उनकी चौथी जमानत अर्जी है और सह अभियुक्तों को पहले जमानत मिल चुकी है। शिकायतकर्ता ने सह अभियुक्तों की जमानत को चुनौती दी थी लेकिन विफल रहे। राज्य सरकार के अधिवक्ता ने जमानत याचिका का विरोध किया लेकिन अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अनस को सशर्त जमानत दे दी।

📰✍️कावड़ियो के लिए खुर्जा देहात क्षेत्र में शिकारपुर तिराहे पर बनी अस्थाई पुलिस चौकी, एसपी देहात ने निरीक्षण कर कांवड़ियों से किया संवाद, बांटे फल व पानी।

➡️ निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर उनकी यात्रा, जरूरतों और समस्याओं की ली जानकारी। चौकियों पर विश्राम कर रहे कांवड़ियों को पुलिस टीम ने पानी और फल वितरित किए। शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुलंदशहर पुलिस कर रही हर प्रयास।



📰✍️जलभराव से राहत दिलाने हेतु व्यापार मंडल ने ईओ को दिया ज्ञापन।
➡️उद्योग व्यापार मंडल नरेंद्र ने पालिका परिसर में प्रदर्शन कर पालिका अध्यक्ष के नाम ज्ञापन पालिका ईओ डाक्टर अश्विनी कुमार को सौंपकर की जल्द नालों की सफाई कराने की मांग। मंडल के सदस्यों का आरोप है कि नालियां चोक होने के कारण बारिश होने पर सड़कों के साथ साथ घरों में भी भर जाता है पानी। व्यापारी नेता राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पानी की उचित निकासी के लिए जल्द से जल्द कराई जाए सभी नालों की साफ सफाई। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से रोकने के लिए कराया जाए कीटनाशक दवा का छिड़काव।

📰✍️ दर्पण अरोड़ा अध्यक्ष, निखिल महामंत्री और संचित चुने गए कोषाध्यक्ष, पश्चिम उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने बुलंदशहर में लाजपतपुरी इकाई का किया गठन।

➡️प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एस.के. सक्सेना ने की अध्यक्षता। हर्षित अरोड़ा को मीडिया प्रभारी, रजत मिश्रा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कुणाल खुल्लर, वंश अरोड़ा, प्रशांत मित्तल बनाए गए उपाध्यक्ष। अमरीश जिंदल, नरेश गोयल और सचिन गोयल की देखरेख में सम्पन्न हुई चुनाव प्रक्रिया। बैठक में अनुराग अग्रवाल, कपिल गोयल, विजय गुप्ता, सुमित महेश्वरी, अरुण गोयल, विशाल रस्तोगी सहित दर्जनों व्यापारी रहे उपस्थित।

📰✍️ कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने खुर्जा ब्लॉक के गांव सनेता सफीपुर और सिकंदराबाद ब्लॉक के गांव खबासपुर में कार्यकर्ताओं से की मुलाकात; बोले – कांग्रेस युवाओं, किसानों और गरीबों की है आवाज।

➡️ भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि मोदी-योगी सरकार ने अच्छे दिनों का वादा करके जनता से किया है धोखा। सिकंदराबाद के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश शर्मा और खुर्जा के ब्लॉक अध्यक्ष फिरोज खान ने नेतृत्व का जताया आभार। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, शकील अहमद, युवा जिलाध्यक्ष इसराइल गहलोत समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद।

📰✍️अमेरिका में चंद मिनट में 2000 सीढ़िया चढ़कर बुलंदशहर के लाल ने जीत लिया गोल्ड मेडल, गांव धतूरी मुकीमपुर पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत।
➡️ महाराष्ट्र में फायरमैन के रूप में तैनात है रविन्द्र कुमार, पुलिस की ओर से अमेरिका में इंटरनेशनल गेम खेलने गया था रविन्द्र। 400 मीटर की दौड़ में भी रविन्द्र ने जीता ब्रांज मैडल, एक साथ देश की झोली में डाले दो मेडल।

📰✍️ ककोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली छात्रा से दुष्कर्म, पीड़िता की मां की शिकायत पर केस दर्ज, आरोपी फरार।
➡️घटना उस समय हुई जब छात्रा अपने घर पर थी अकेली, माता-पिता गए हुए थे खेत पर काम करने, इस दौरान घर में घुस आया गांव का एक युवक, उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और मौके से हो गया फरार, पुलिस आरोपी की कर रही तलाश।
उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें

📰✍️अमरोहा जिले के गजरौला इलाके में धंस गया नहर पर बना पुल; भ्रष्टाचार की खुली पोल, 2 साल पहले ही 6.25 करोड़ रुपए से बना था पुल।

📰✍️मेरठ में सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रेक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाईक सवार तीन युवकों की मौत।
➡️मेरठ बड़ौत मुख्य मार्ग पर रोहटा ब्लॉक के गेट के सामने हुआ हादसा। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर मेरठ से बड़ौत की ओर जा रहे थे। जैसे ही रोहटा ब्लॉक के पास पहुंचे एक युवक अचानक सड़क पार करने लगा युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन उसी समय सामने से तेज रफ्तार में ईंटों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉला आ गया। आमने-सामने की जोरदार टक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉला ने तीनों युवकों को कुचल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक शहजाद पुत्र अलाउद्दीन, अरशद उम्र पुत्र रहीश और रोजू पुत्र अब्दुल तीनों कैथवाड़ी गांव रोहटा के रहने वाले थे।

📰✍️बालीवुड गायक सोनू निगम पहुंचे वृंदावन, किए बांके बिहारी और भगवान राधारमण के दर्शन।
➡️ बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंचे सोनू निगम ने भक्तों से राधे राधे कहा। सिंगर सोनू निगम सबसे पहले राधारमण मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान राधा रमण लाल के दर्शन किए। इसके बाद सोनू निगम भगवान बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंचे। जहां उन्होंने फूल बंगला में विराजमान भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए। इस दौरान वह भगवान बांके बिहारी की छवि देख मंत्र मुग्ध हो गए और एक टक उनको निहारते रहे।
देश विदेश की बड़ी खबरें

📰✍️हरिद्वार के बहादराबाद टोल प्लाजा पर कांवड़ियों का उत्पात; रोडवेज बस और पुलिस गाड़ी के तोड़े शीशे। कांवड़ खंडित होने पर भड़के थे कांवड़िए। पुलिस ने 2 उपद्रवी गिरफ्तार किए, FIR दर्ज की गई।


📰✍️अब पंजाब में देख पाएंगे बैलगाड़ियों की रेस, 11 साल बाद हटी पाबंदी; मान सरकार का बड़ा एलान।

➡️ पंजाब में बैलगाड़ियों की रेस से पाबंदी हट गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बैलगाड़ी दौड़ पंजाब की संस्कृति से जुड़ी है और सरकार ने पंजाब पशु क्रूरता रोकथाम (पंजाब संशोधन) अधिनियम-2025 लाकर पूरे पंजाब में बैलगाड़ी दौड़ का रास्ता खोल दिया है।


