23 अप्रैल 2025: नए जमाने का ऑनलाइन अखबार

चंद्रभूषण मित्तल, पत्रकार

बुलंदशहर जिले की मुख्य खबरें

📰✍️ शहर के गड्ढों से मिलेगी राहत, जल्दी ही बनेगी नगर में जर्जर हो चुकी सड़कें।

➡️ नगर क्षेत्र में जल्द ही 20 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इस पर छह करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। नगर पालिका ने सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। संभावना है अगले माह कार्य शुरु हो जाएगा। नगर में लल्ला बाबू चौराहा से खुर्जा अड्डा, आवास विकास, देवीपुरा प्रथम, मामन चौकी से चौक बाजार, चौक बाजार से बूरा बाजार अन्य रोड काफी समय से जर्जर हैं। इन जर्जर सड़कों के निर्माण के लिए नगर पालिका अधिकारियों ने 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से निर्माण के लिए प्रस्ताव डीएम के समक्ष रखा था। इन प्रस्तावों के पास होने के बाद नगर पालिका ने टेंडर प्रक्रिया शुरु की। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डा. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

📰✍️शिकारपुर में गेहूं खरीद केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, जानकारी नहीं देने पर केंद्र प्रभारियों का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश।

➡️ जिलाधिकारी ने शिकारपुर मंडी परिसर में एफसीआई, पीसीएफ एवं खाद्य एवं रसद विभाग के संचालित गेहूं क्रय केन्द्रों निरीक्षण करते हुए गेहूं खरीद के लिए की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पीसीएफ गेहूं क्रय केन्द्र पर 27 कुन्टल गेहूं खरीद हुई है। लक्ष्य के बारे में जानकारी करने पर जानकारी केन्द्र प्रभारी शादाब द्वारा नहीं दी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिये। प्राइमरी ग्रामीण समिति उटरावली में संचालित पीसीएफ क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया केन्द्र पर 700 एमटी के सापेक्ष 311 कुन्टल गेहूं की खरीद की गई है। केन्द्र प्रभारी महेश शर्मा द्वारा रजिस्टर सही प्रकार से नहीं बनाये जाने एवं पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर डीएम ने स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिये गये।

➡️ग्राम खण्डवाया में पीसीएफ केन्द्र पर केन्द्र प्रभारी सुशील कुमार के द्वारा बताया कि अभी तक 29 कुन्टल की खरीद हुई है लक्ष्य की कोई जानकारी केन्द्र प्रभारी को नहीं थी। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए केन्द्र प्रभारी के साथ एआर कोपरेटिव का भी स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका ध्यान रखें।

📰✍️सुन्हेरा की घटना में शामिल आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार नहीं हुए तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।

➡️ कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव सुनेहरा में दलितों पर अत्याचार और कार से रौंदकर हत्या करने की घटना पर कांग्रेस ने आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस ने दोषियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को 50 लाख और घायलों को 10- 10 लाख मुआवजा देने की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने सुनेहरा गांव में दलित परिवार से मारपीट और कार से रौंदकर मौत के घाट उतारने की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा दोषियों को 48 घंटे में गिरफ्तार करे अन्यथा कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ आंदोलन करेगी।

📰✍️ खुर्जा के कालिंदी कुंज में सिर पर प्रहार कर युवक की हत्या, दूसरा युवक गंभीर घायल।

➡️कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के कालिंदी कुंज में अनुज (35) निवासी चमन विहार की सिर में प्रहार कर हत्या,
मौके पर घायल अवस्था में मिला दूसरा युवक शोभित चिकित्सकों ने किया हायर रेफर। देर रात चमन विहार कॉलोनी में था देवी मां का जागरण; जहां से अनुज, शोभित और तीसरा दोस्त शिवम कालिंदी कुंज आए थे। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई, तीसरा युवक शिवम की पुलिस कर रही तलाश। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट जांच में जुटी, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

📰✍️डिबाई में बहु के प्रेमी ने ससुर की पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार।

➡️ डिबाई क्षेत्र में बहू के प्रेमी ने ससुर की हत्या कर दी। बहू प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थी जिसे ससुर ने देख लिया। इसके बाद प्रेमी ससुर से भिड़ गया। उसने महिला के ससुर के सिर पर सरिया से वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस दौरान उसकी भागने की फुटेज कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर मृतक के छोटे बेटे ने पुलिस को तहरीर दी है।

➡️मृतक के बेटे मुरारी लाल ने डिबाई थाने में तहरीर दी। उसने बताया मेरे पिता कहीं बाहर गए थे जैसे ही घर पर पहुंचे। उन्होंने देखा घर पर युवक पवन जो अक्सर घर आता-जाता रहता था। वह पहले से मौजूद था। मेरे पिता ने पवन को भाभी पिंकी के साथ आपत्तिजनक स्थिति देख लिया था। मेरे पिता राजवीर सिंह ने जब इसका विरोध किया तो पवन ने गुस्से में आकर उनके सिर पर सरिया से वार कर दिया। जिससे गंभीर घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

📰✍️पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने बनाई चित्रकला।

➡️ महिला जनजागृति युवा विकास सेवा समिति द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में पृथ्वी दिवस मनाया गया। बच्चों ने चित्रकला बनाकर पृथ्वी दिवस का संदेश दिया और बताया कि पर्यावरण को हरा भरा रखना है हम स्वस्थ रहेंगे जिन बच्चों को सुंदर चित्रकला बाने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभा अग्रवाल, शशि बाला, लक्ष्मी रानी, प्रधानाचार्य अनीता सिंह मौजूद रही।

📰✍️शिकारपुर में नाले में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत।

➡️ पहासू-सोमना मार्ग पर नागल के पास नाले में बाइक गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मथुरा निवासी रामू के रुप में हुई। हादसे का कारण नाले के पुल पर रेलिंग का नहीं होना बताया है। बाइक के नाले में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को नाले से बाहर निकाला। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों के अनुसार इस नाले में यह पहला हादसा नहीं है। रेलिंग की कमी के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई लोगों ने इस नाले में अपनी जान गंवाई है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण यह नाला लगातार लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान उसकी जेब में मिले कागजों से की गई।

📰✍️बुलंदशहर के तुषार को यूपीएससी सिविल सर्विस में 385 रैंक मिलने से खुशी का माहौल।

➡️ जनपद निवासी प्रोफेसर डॉक्टर ओमप्रकाश सिंह के पुत्र तुषार सिंह ने 22 साल की उम्र में यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में 385 वीं रैंक लाकर जनपद का नाम रोशन किया है। यमुनापुरम निवासी ओ पी सिंह का पुत्र तुषार शुरु से पढ़ने में होशियार है और तुषार के चयन से परिजनों और जनपद में खुशी का माहौल है।


This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg

उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें

📰✍️मेरठ में बॉलीवुड एक्टर ललित मनचंदा ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर लगाई फांसी।

➡️ लिसाड़ी गेट स्थित प्रहलाद नगर मे बॉलीवुड एक्टर ललित मनचंदा ने देर रात फांसी लगाकर अपनी जीवन को समाप्त कर लिया। परिवार के सदस्यों ने एक्टर को पंखे से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। एक्टर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिवार के अनुसार ललित मनचंदा पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। इसी कारण डिप्रेशन में भी थे। कई बॉलीवुड प्रोजेक्ट के साथ जुड़े ललित अपने भाई के साथ मेरठ में  रह रहे थे। करीब 18 महीने पहले मुंबई से अपने शहर मेरठ में आ गए थे। उनकी पत्नी एक बेटी और एक बेटा भी उनके साथ ही रहते थे। ललित ने इंडिया मोस्ट वांटेड, क्राइम पेट्रोल, खिचड़ी और उल्टा चश्मा जैसे सीरियलों में काम किया है।

📰✍️मैनपुरी में पत्नी ने पति को दोस्तों से पिटवाया फिर खाने में दिया जहर, मौत, पत्नी हिरासत में।

➡️ आजकल पति-पत्नी के रिश्तों में कुछ ज्यादा ही दरार बढ़ रही है ऐसे ही यहां प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर पत्नी ने पति को खाने में मिलाकर जहर खिला दिया। पति की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर एएसपी ग्रामीण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक के बेटे ने मां पर जहर खिलाने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। घटना कस्बा करहल के ओमनगर की है। यहां रहने वाले कमलेश उर्फ लालजी गुप्ता ठेला लगाकर फल बेचने का कार्य करता था। गाजीपुर जिले की रहने वाली संगीता के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों करहल स्थित किराए के मकान में रहने लगे। बताया गया कि रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इस दौरान पत्नी ने अपने कुछ दोस्तों को बुला लिया और कमलेश की पिटाई कराई। सुबह संगीता ने खाना बनाया और कमलेश को दे दिया। खाना खाते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी।

➡️एएसपी ने मृतक के बेटे 13 वर्षीय आदित्य व 7 वर्षीय पुत्री कनक से पूछताछ की तो दोनों ने जानकारी दी कि मम्मी संगीता का रात पापा कमलेश से विवाद हुआ था। मम्मी ने लड़के बुलवाकर पापा की पिटाई कराई। मम्मी ने 11 बजे पापा को खाना दिया तो पापा की हालत बिगड़ गई। खाने से सल्फास की गोलियां की बदबू आ रही है ऐसा पापा कह रहे थे। आदित्य ने बताया कि उसकी मम्मी ने पापा को जहर खिलाकर मार दिया है।


देश विदेश की बड़ी खबरें

📰✍️पहलगाम आतंकी हमले में 24 की मौत, NIA करेगी जांच, अमित शाह श्रीनगर पहुंचे।

➡️जम्मू-कश्मीर‌ के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में आतंकवादियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में 24 की मौत हो गई जबकि कई लोग जख्मी बताए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा इस जघन्य हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि जो लोग इस कायराना हमले के पीछे हैं उन्हें जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। पीएम मोदी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और उन्हें घटना की गंभीरता के मद्देनज़र तुरंत कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद शाह ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ इमरजेंसी रिव्यू मीटिंग बुलाने का ऐलान किया और श्रीनगर रवाना हो गए हैं। घटना के बाद पहलगाम और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

📰✍️सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़ भारत लौट रहे PM मोदी, दिल्ली पहुंचते ही होगी CCS की बैठक।

➡️ पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले को भारत ने किस गंभीरता से लिया है इसका पता इस बात से चलता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना सऊदी अरब का दौरा बीच में ही रद करके भारत लौटने का फैसला किया है।


स्पेशल न्यूज अपडेट वीडियो

📰✍️100 सेकेंड की वीडियो में देखें देश और दुनिया की सभी मुख्य खबरें👇



जिला बुलंदशहर और आसपास की हर ब्रेकिंग न्यूज़ को व्हाट्सएप पर पाए, नीचे इमेज पर क्लिक करके  व्हाट्सएप ग्रुप जॉइन करें।

This image has an empty alt attribute; its file name is whats-app-ad.jpeg
शेयर करें: